गिरिडीह। गिरिडीह जिले के धनवार थाना क्षेत्र में 12 वर्षीय आयुष कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। धनवार थाना क्षेत्र के मायाराम टोला से 11 फरवरी को लापता हुए आयुष का शव शनिवार को नौलखा डेम के समीप एक कुएं से बरामद किया गया। घटना की सूचना मिलते ही धनवार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कानूनी प्रक्रिया शुरू की।

परिजनों के अनुसार, आयुष बीते चार दिनों से घर से गायब था। परिवार और ग्रामीण लगातार उसकी तलाश में जुटे थे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल पा रहा था। शनिवार को खेत में गेहूं की सिंचाई के दौरान ग्रामीण जब कुएं में मोटर डालने पहुंचे, तभी उन्हें अंदर एक शव दिखाई दिया। पास जाकर देखने पर शव की पहचान आयुष कुमार के रूप में की गई।

शव मिलने की खबर फैलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष और वैज्ञानिक जांच की मांग की है। उन्होंने फॉरेंसिक टीम से जांच कराने की अपील करते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले के हर पहलू की गहन जांच की जा रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version