-27 फरवरी को धनबाद में जनसुनवाई, जनता की राय के बाद लगेगी अंतिम मुहर
रांची। झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (JBVNL) ने राज्य के बिजली उपभोक्ताओं को बड़ा झटका देने की तैयारी कर ली है। निगम ने बिजली दरों में लगभग 60 प्रतिशत तक बढ़ोतरी का प्रस्ताव झारखंड राज्य विद्युत विनियामक आयोग (JSERC) को भेजा है। यदि यह प्रस्ताव मंजूर हो जाता है तो शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों के उपभोक्ताओं पर भारी आर्थिक बोझ पड़ेगा।

प्रस्ताव के मुताबिक शहरी घरेलू बिजली दर ₹6.85 प्रति यूनिट से बढ़ाकर ₹10.30 प्रति यूनिट करने की योजना है। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में दर ₹6.70 से बढ़ाकर ₹10.20 प्रति यूनिट करने का प्रस्ताव रखा गया है। सिर्फ यूनिट दर ही नहीं, बल्कि फिक्स्ड चार्ज में भी बढ़ोतरी की तैयारी है, जिससे मासिक बिजली बिल में बड़ा उछाल आ सकता है।

इस प्रस्ताव पर अंतिम निर्णय से पहले 27 फरवरी को धनबाद में जनसुनवाई आयोजित की जाएगी। इस दौरान शहर के प्रबुद्ध नागरिक, व्यापारी, उद्योग प्रतिनिधि और उपभोक्ता संगठन अपनी आपत्तियां और सुझाव अधिकारियों के सामने रख सकेंगे।

दर वृद्धि का असर केवल घरेलू उपभोक्ताओं तक सीमित नहीं रहेगा। कॉमर्शियल उपभोक्ताओं के लिए दरें 11 रुपये प्रति यूनिट तक जा सकती हैं, जबकि औद्योगिक उपभोक्ताओं के लिए प्रस्तावित फिक्स्ड चार्ज और नई दरों ने उद्यमियों की चिंता बढ़ा दी है। अब सभी की नजर जनसुनवाई और आयोग के अंतिम फैसले पर टिकी है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version