दुमका। झारखंड के दुमका जिले में बुधवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रिंग रोड स्थित मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में एएन कॉलेज के समीप लाइटर लोड कंटेनर और गिट्टी लोड हाइवा के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों में तुरंत आग लग गई और लपटें तेजी से फैलने लगीं। इस हादसे में हाइवा के खलासी की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से झुलस गया।
घायल चालक की पहचान बिहार के बांका जिले के बेलहर थाना क्षेत्र अंतर्गत कैलास पहाड़ी निवासी 30 वर्षीय संतोष कुमार यादव के रूप में हुई है। उन्हें गंभीर अवस्था में फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं मृतक की पहचान बांका जिले के सुईया थाना क्षेत्र के दोना पाथर निवासी उमेश कुमार के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार गिट्टी लोड हाइवा पाकुड़ के अमड़ापाड़ा स्थित कोल माइंस से दुमका रेलवे स्टेशन परिसर के कोल डंपिंग यार्ड की ओर जा रहा था। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे कंटेनर से टक्कर हो गई। आग की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि पास में खड़े कोयला लदे दो अन्य हाइवा भी जलकर खाक हो गए।
सूचना मिलते ही दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।



