पटना। बिहार में महागठबंधन में सीटों के बंटवारे को लेकर ऐलान हो गया। समझौते के मुताबिक राष्ट्रीय जनता दल 20 और कांग्रेस नौ सीटों पर चुनाव लड़ेगी। इसके अलावा राष्ट्रीय लोक समता पार्टी पांच, हम तीन और विकासशील इंसान पार्टी (वीआइपी) भी तीन सीटों पर चुनाव लड़ेगी। राजद ने अपने कोटे से भाकपा माले को एक सीट दी है। शरद यादव राजद के चुनाव चिह्न पर चुनाव लड़ेंगे। उनकी पार्टी का विलय भी जल्द राजद में हो जायेगा। शुक्रवार को इस बाबत आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में राष्ट्रीय जनता दल के प्रवक्ता मनोज झा, प्रदेश अध्यक्ष रामचंद्र पूर्वे, कांग्रेस के मदन मोहन झा, हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) के बीएल वैश्यंत्री, रालोसपा के सत्यानंद दांगी मौजूद थे।
प्रेस कांफ्रेंस में पहले चरण में होनेवाले चुनाव के लिए चार उम्मीदवारों के नामों की घोषणा भी की गयी। इसके तहत गया से हम के जीतन राम मांझी, औरंगाबाद से हम के उपेंद्र प्रसाद, जमुई से रालोसपा के भूदेव चौधरी और नवादा से राजद की विभा देवी को उम्मीदवार बनाया गया है।
प्रेस कांफ्रेंस में तेजस्वी यादव यहां मौजूद नहीं थे। पत्रकारों के इस सवाल पर कि आप कैसे कह सकते हैं कि सब सही है, जब आपके नेता (तेजस्वी यादव) ही नहीं आये, राजद प्रवक्ता मनोज झा ने कहा, क्या मैं अपनी पार्टी में कुछ नहीं हूं। आप मुझे महत्वहीन बना रहे हैं। यह पार्टी का फैसला था। इस पर सवाल मत उठाइये। इससे पहले मनोज झा ने कहा कि यह गठबंधन संविधान को बचाने के लिए है। हमारी पूरी कोशिश होगी कि आबादी के हिसाब से सत्ता में हिस्सेदारी तय करें। यह स्वाभाविक गठबंधन है। भाकपा माले को हमने अपने कोटे से सीट दी है। बता दें कि महागठबंधन में लालू प्रसाद यादव की राजद और कांग्रेस के अलावा हम, रालोसपा और वीआइपी भी शामिल हैं। सीटों को लेकर पिछले कुछ समय में इन नेताओं के बीच माथापच्ची का दौर चला था। आये दिन खबर आती रही कि उम्मीदवारों के नाम का ऐलान जल्द होगा, लेकिन कुछ न कुछ पेंच लग
रहा था।