– चीन को मिला छठवां स्वर्ण
– ऐश्वर्य तोमर पदक से चूके, 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन में चौथे स्थान पर रहे
भोपाल। इंटरनेशनल शूटिंग स्पोर्ट्स फेडरेशन (आईएसएसएफ) विश्व कप के चौथे दिन शनिवार को 25 मीटर पिस्टल वुमन फाइनल में मनु भाकर ने भारत को कांस्य पदक दिलाया। इसमें जर्मनी की वी. डोरेन ने स्वर्ण और चीन की डु जियन ने रजत पदक हासिल किया। इस क्वालिफाई राउंड में कुल 29 खिलाड़ी शामिल हुए जिसमें पांच भारतीय खिलाड़ी भी थे। वर्ल्ड कप में भारत के मेडल की संख्या 6 हो गई है, जिसमें एक स्वर्ण, एक रजत और चार कांस्य पदक शामिल है।
पुरुषों के थ्री पी मुक़ाबलों में मध्य प्रदेश के ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर पदक से चूक गए। उनकी कड़ी टक्कर स्विट्ज़रलैंड के जेन लोचबिहलर के साथ हुई। इस राउंड में स्विस खिलाड़ी ने 407.4 अंक अर्जित कर कांस्य पदक जीता। ऐश्वर्य तोमर 405.5 अंकों के साथ चौथे स्थान पर रहे। चीन के डू लिंशु ने 410.7 अंकों के साथ स्वर्ण पदक हासिल किया। हंगरी के पैनी इस्तवान ने 408.2 अंक जीतकर रजत पदक पर कब्जा किया। चीन के पास छह गोल्ड सहित आठ मैडल और भारत के पास एक गोल्ड सहित 6 मैडल हैं।
टोक्यो ओलिंपिक में देश का प्रतिनिधित्व कर चुके ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर मप्र के एकमात्र निशानेबाज हैं, जो प्रतियोगिता में शिरकत कर रहे थे। स्थानीय निशानेबाज होने के कारण ऐश्वर्य को दर्शकों का बहुत सपोर्ट मिला लेकिन उनपर बेहतर प्रदर्शन करने का दबाव भी था।
प्रदेश की खेल एवं युवा कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने पूरे समय उपस्थित रहकर खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। उन्होंने कहा कि अपने होम ग्राउंड में खेलने का प्रेशर दोगुना हो जाता है। ऐश्वर्य के ऊपर भी यही प्रेशर था। उन्होंने कहा कि आज हमारी भारत की बेटी मनु भाकर ने कड़ा मुकाबला कर कांस्य पदक जीता है।
प्रतियोगिता का 5वां दिन: विश्व कप के अंतिम दिन रविवार को महिलाओं का थ्री पी फाइनल सुबह 11:45 बजे और पुरुषों का आरएफपी फाइनल दोपहर दो बजे से निर्धारित है।
रॉसी ने शॉट गन रेंज की विधिवत पूजा कर किया पहला फायर शॉट: आईएसएसएफ़ के अध्यक्ष लुचियानों रॉसी ने शनिवार को राज्य शूटिंग अकेडमी ऑफ एक्सीलेंस में नवनिर्मित शॉट गन रेंज की पूजा की और पहला शॉट फायर किया। एनआरएआई के अध्यक्ष रनिन्दर सिंह ने भी फायर कर सटीक निशाना लगाया। इस मौके पर खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया, लॉरा रॉसी, खेल संचालक रवि गुप्ता सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित थे।