रांची: जेइइ का रिजल्ट गुरुवार को जारी हो गया। इसमें राजस्थान के उदयपुर के कल्पित विरवाल जहां आॅल इंडिया टॉपर बने, वहीं झारखंड के कई छात्रों ने शानदार प्रदर्शन किया है। राज्य के तीन छात्र टॉप 100 में जगह बनाने में सफल रहे हैं। धनबाद के उत्कर्ष माकन ने 40वां स्थान प्राप्त किया है। जमेशदपुर के मोहित गुप्ता को आॅल इंडिया में 53वां रैंक मिला है, ओबीसी श्रेणी में इनका छठा रैंक है। वहीं, रांची के अनिरुद्ध अनिल ओझा को 92वां रैंक मिला है। अनिरुद्ध डीपीएस, रांची के छात्र हैं। जमशेदपुर के ही युगेश कोठारी ने आॅल इंडिया 193 रैंक हासिल किया है। जेवीएम श्यामली के अभ्युदय पांडेय को 144वां और अमल कुमार को 251वां रैंक मिला है। रांची से 85 से ज्यादा छात्रों का चयन हुआ है। रामगढ़ के निखिल बंस को 351 वां रैंक मिला है। जमशेदपुर के तारुश अग्रवाल ने 377वां रैंक, साकिब हुसैन ने 470वां रैंक, रोहन आर्यन ने 497वां रैंक, राजवर्धन ने 958वां रैंक, विनय अग्रवाल ने 1529वां रैंक, श्रेयांश सेठ ने 1629वां रैंक, ऋषभ संजय ने 1633वां रैंक, चिराग अग्रवाल ने 2342वां रैंक हासिल किया है।
कल्पित को 360 में से 360 नंबर मिले
कल्पित विरवाल पहले ऐसे कैंडिडेट हैं, जिन्हें इस एग्जाम में 360 में से 360 नंबर मिले। उन्होंने फिजिक्स, कैमेस्ट्री और मैथ्स में 120 में से 120 नंबर हासिल किये हैं।
10.20 लाख स्टूडेंट्स ने दी थी परीक्षा
आॅफलाइन बेस्ड जेइइ मेन एग्जाम 2 अप्रैल 2017 को और आॅनलाइन एग्जाम 8 और 9 अप्रैल 2017 को हुआ था। इसमें 10 लाख 20 हजार स्टूडेंट्स ने हिस्सा लिया था। देश भर में 1781 सेंटर्स बनाये गये थे। इनमें से 2.20 लाख स्टूडेंट ने एग्जाम क्वालिफाई किया है, जो अब जेइइ एडवांस्ड में शामिल हो सकते हैं।
जेइइ एडवांस्ड 28 को
जेइइ एडवांस्ड के लिए 28 अप्रैल को सुबह 10 बजे से रजिस्ट्रेशन शुरू हो जायेगा। दो मई को शाम 5 बजे तक बिना लेट फीस के रजिस्ट्रेशन किया जायेगा। लेट फीस के साथ रजिस्ट्रेशन 4 मई को शाम 5 बजे तक किया जा सकता है।