आजाद सिपाही टीम
मुंगेर/ समस्तीपुर। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने बुधवार को बिहार के मुंगेर, बेगूसराय और समस्तीपुर में चुनावी सभाओं में विपक्ष पर जम कर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यदि महागठबंधन जीतता है, तो सप्ताह में सोमवार से शनिवार तक हर दिन प्रधानमंत्री बदलेगा, जबकि रविवार को छुट्टी होगी। मुंगेर में जदयू प्रत्याशी ललन सिंह के समर्थन में आयोजित जनसभा में उन्होंने कहा, मैं पूछता हूं कि अगर महागठबंधन जीत भी जाता है, तो प्रधानमंत्री कौन बनेगा। अगर महागठबंधन की जीत होती है, तो सोमवार को ममता बनर्जी, मंगलवार को अखिलेश यादव, बुधवार को मायावती, गुरुवार को लालू यादव, शुक्रवार को चंद्रबाबू नायडू, शनिवार को देवगौड़ा प्रधानमंत्री बनेंगे और रविवार को कोई छुट्टी पर चला जायेगा।
शाह ने कहा कि बिहार के लोग लालू यादव के राज को याद कर सिहर उठते हैं। भाजपा और जदयू ने बिहार में विकास किया। एनडीए सरकार ने पांच साल में गरीबों के लिए 133 योजनाएं लायीं। आठ करोड़ गरीबों के घर में शौचालय बना, गरीब माताओं, बहनों को सम्मान के साथ जीने का अधिकार मिला। हर घर बिजली पहुंचाने का काम किया। आयुष्मान भारत योजना से देश के 50 करोड़ गरीबों को पांच लाख तक के इलाज की सुविधा मिली।
शाह ने कहा कि मैं गठबंधन के नेताओं से पूछता हूं कि लालू-राबड़ी ने 15 साल तक बिहार में शासन किया। गरीबों के लिए क्या किया? भ्रष्टाचार, जातिवाद और तुष्टिकरण की राजनीति की। बिहार विकास विमुख था। भाजपा और जदयू ने इकट्ठा जंगल राज का सामना किया। बिहार की सड़कें देखिये, बिजली आपूर्ति देखिये। नीतीश कुमार और सुशील मोदी न होते, तो यह संभव नहीं था। लालू-राबड़ी राज में बिहार का विकास दर तीन फीसदी से नीचे थी। एनडीए की सरकार में यह 11.3 फीसदी है। बिहार के लोगों की प्रति व्यक्ति आय 31 फीसदी बढ़ी है।
अमित शाह मुंगेर में सभा करने के बाद बेगूसराय पहुंचे। यहां उन्होंने भाजपा प्रत्याशी गिरिराज सिंह के लिए चुनाव प्रचार किया। इसके बाद वह चुनावी सभा करने उजियारपुर पहुंचे। यहां उन्होंने भाजपा प्रत्याशी नित्यानंद राय के लिए चुनाव प्रचार किया। उन्होंने कांग्रेस पर आतंकवाद के खिलाफ कमजोर रुख अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि हम अगले पांच वर्ष में बिहार को पूर्ण विकसित राज्य बनाने की दिशा में प्रतिबद्धता से आगे बढ़ रहे हैं। अमित शाह ने विपक्ष पर हमला करते हुए कहा कि एयर स्ट्राइक के बाद दो जगह मातम था। एक पाकिस्तान में, वहां होना भी चाहिए। दूसरा राहुल बाबा एंड कंपनी गठबंधन वालों के यहां। उधर पाकिस्तान के आतंकवादी मरे, उसमें आपके चेहरे का नूर क्यों गायब हो गया है? क्या ममेरे, चचेरे भाई लगते हैं?
शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सवा लाख करोड़ रुपये बिहार को देने का वादा किया था और मुझे गर्व है कि इसमें से एक लाख 10 हजार करोड़ रुपये के काम शुरू भी हो गये हैं। उन्होंने कहा कि विश्व में आज प्रमुख मुद्दा आतंकवाद बन गया है। देश की सुरक्षा को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रमुखता दी है। आपके चौकीदार ने पाकिस्तान को उसी की भाषा में जवाब दिया है। पूर्ववर्ती कांग्रेस नीत संप्रग सरकार पर निशाना साधते हुए शाह ने कहा कि 2014 से पहले भारत आतंकवाद का शिकार था, लेकिन तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने उसका जवाब नहीं दिया।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि कश्मीर के अंदर सुरक्षा बल और सेना की सुरक्षा के लिए अफ्स्पा का कानून बना है। कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में कहा है कि अफ्सपा का कानून हटायेंगे। मैं राहुल बाबा से कहने आया हूं कि अफ्स्पा कानून आपके पूरे जीवन में नहीं हटेगा, आपके बाद भी जो गांधी आयेगा, वह भी नहीं हटा पायेगा।