रांची। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे ने कहा कि लॉकडाउन में देश के दूसरे राज्यों में फंसे छात्र.छात्राओं को वापस लाने के मामले में हेमंत सोरेन सरकार पर दोषारोपण करने वाले भाजपा नेताओं को पड़ोसी राज्य बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बयान पर भी गौर करना चाहिए। भाजपा के सहयोग से बिहार में चल रही सरकार के मुखिया नीतीश कुमार ने भी झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के तरह ही केंद्र सरकार से लॉकडाउन में फंसे बच्चों और प्रवासी श्रमिकों को वापस लाने के बारे में स्पष्ट दिशा.निर्देश जारी करने की मांग की है। कहा कि लॉकडाउन में दूसरे प्रदेशों में फंसे छात्र-छात्राओं और प्रवासी श्रमिकों को वापस लाने का मुद्दा इंटर स्टेट मसला है। इस संबंध में दूसरे राज्यों की अनुमति और केंद्र सरकार का स्पष्ट दिशा-निर्देश जरूरी है। उन्होंने कहा कि झारखंड की 14 लोकसभा सीटों में से 12 सीटों पर भाजपा सांसद चुनाव जीत कर आये हैं। केंद्र सरकार में झारखंड के दो मंत्री भी शामिल हैं, इसलिए भाजपा सांसदों और केंद्रीय मंत्रियों की ओर से अपने स्तर पर बाहर में फंसे छात्रों और प्रवासी श्रमिकों को वापस लाने के लिए प्रयास किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में कुत्सित राजनीति कर राज्य सरकार को बदनाम करने की कोशिश करना दुर्भाग्यपूर्ण है।

 जिला कमेटी भी गरीबों को पहुंचा रही राहत

कांग्रेस कमेटी राहत निगरानी समिति ने जिलों से भी फीडबैक लिया। गुमला जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रोशन बरूवा ने कहा कि संगठन द्वारा गरीबों को राशन पहुंचाया जा रहा है। कोडरमा जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पिंकू सहाय ने कंट्रोल रूम को बताया कि अखबार के हॉकरों के बीच राशन, मास्क वितरित किया गया। बोकारो जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मंजूर अंसारी ने कहा कि प्रतिदिन लगभग 700 गरीब परिवारों को भोजन प्रदान किया जाता है, जरूरतमंदों को आर्थिक मदद एवं दवा खरीदने के लिए राशि उपलब्ध करायी जा रही है। दुमका जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्यामल किशोर सिंह ने कंट्रोल रूम को बताया कि जरमुंडी प्रखंड के सिमरिया पंचायत में गरीबों के बीच राहत सामग्री वितरण किया गया। गोड्डा जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दिनेश यादव ने बताया कि जो लोग बेगूसराय में फंसे हुए हैं, उनके परिजनों को महागामा में राशन पहुंचाया गया। पश्चिम जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष ने बताया कि संगठन के साथ-साथ स्थानीय सांसद गीता कोड़ा, विधायक सोनाराम सिंकू, पूर्व मंत्री मुख्यमंत्री मधु कोड़ा के नेतृत्व में युद्धस्तर पर गरीबों को सहायता पहुंचायी जा रही है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version