स्वरूप भट्टाचार्य
तमाड़। प्रखंड के एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय सलगाडीह में रैगिंग और छात्रों के बीच मारपीट हुई है। विद्यालय के 11 छात्रों को निष्काषित कर दिया गया है। रांची उपायुक्त को इसकी लिखित सूचना दी गयी है। जानकारी के अनुसार 14 अप्रैल की रात डेढ़ बजे 10वीं के छात्रों ने आठवीं और नौवीं के छात्रों के साथ रैगिंग की। सीनियर उन्हें स्कूल की तीसरी मंजिल पर ले गये और लगभग आधा दर्जन छात्रों को लाठी-डंडे से पीटा। इससे अभिषेक मुंडा, मुकुंद मुंडा, नितेश असुर, सागर मुंडा और उमाकात मुंडा घायल हो गये। घटना के बाद घायल छात्र घर भाग गये। विद्यालय प्रबंधन को घटना की जानकारी नहीं थी। अभिभावकों द्वारा सूचना दिये जाने पर प्रबंधन सक्रिय हुआ। जिन छात्रों को निष्कासित किया गया है, उनमें अमन कुमार, मनीष उरांव, मनोहर उरांव, रजनीश उरांव, राहुल उरांव, पवन उरांव, परमेश्वर उरांव, अमित उरांव, दिनेश उरांव, राजकिशोर उरांव और विक्रम मुर्मू शामिल हैं।
इस पूरे मामले में उप प्राचार्य आकाश कुमार की भूमिका सवालों के घेरे में है। उन्होंने इस घटना की सूचना थाना को नहीं दी है। उन्होंने अभिभावकों से ही प्राचार्य के नाम से एक पत्र लिखने को कहा, जिसे अभिभावकों ने इनकार कर दिया। बता दें कि इस तरह की घटना स्कूल में पहले भी घट चुकी है। यहां के पूर्व प्राचार्य को भी छात्रों ने पीटा था और कमरे मे बंद कर दिया था। विद्यालय को चलाने का ठेका सरकार द्वारा केराली स्कूल टाटा को दिया गया है।