-हर क्षेत्र में महिलाएं लहरा रहीं परचम
-भारतीय मजदूर संघ के 20वें अखिल भारतीय अधिवेशन में बोलीं मेयर
पटना। भारतीय मजदूर संघ के 20 वें अखिल भारतीय अधिवेशन के दूसरे दिन शनिवार को महिलाओं का विशेष सत्र का आयोजन किया गया। इस सत्र की मुख्य अतिथि भाजपा की राष्ट्रीय मंत्री सह रांची नगर निगम की मेयर डॉ आशा लकड़ा ने कहा कि महिला जब-जब किसी क्षेत्र में खड़ी होती हैं, तो एक पहचान कायम कर लेती हैं। शिक्षा, विज्ञान, कला, खेल, राजनीति सहित कई क्षेत्रों में महिलाओं ने अपना डंका बजाया है।
वीवी गिरि राष्ट्रीय श्रमिक संस्थान की सलाहकार प्रज्ञा परांडे ने बतौर विशिष्ट अतिथि कहा कि यह सच है कि हिंसा के खिलाफ महिलाएं आवाज उठा नहीं पाती हैं, जरूरी है अपनी आवाज को मुखर करना। इसके लिए यदि आवश्यकता हो, तो हमें कानून का सहारा लेना होगा। कानून हमें संरक्षण प्रदान करती हैं।
स्वागताध्यक्ष पटना नगर निगम की महापौर सीता साहू ने कहा कि महिलाओं की इतनी अच्छी भागीदारी देखकर इस बात को बल मिल रहा है कि महिला अब जागरूक हो गयी हैं।
मौके पर संघ की रीता एक्का एवं तृप्ति अल्टी ने महिलाओं को कैसे संगठन से जोड़ा जाये, इस पर अपनी राय रखी। समारोह की अध्यक्षता भारतीय मजदूर संघ की उपाध्यक्ष नीता चौबे ने की, जबकि संचालन मंत्री नीलिमा चिमोते ने किया। इस अवसर पर भारतीय मजदूर संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष हिरण्मय पंड्या, महामंत्री रवींद्र हिमते आदि उपस्थित थे।