रांची। वरीय पुलिस अधीक्षक रांची को मिली गुप्त सूचना के अनुसार बुण्डू से सोनाहातू की ओर जा रहे बिना नंबर के अपाचे मोटरसाईकिल पर सवार होकर एक पुरूष तथा एक महिला दो किलो अफीम के साथ जा रहे हैं। इसको लेकर वरीय पुलिस अधीक्षक रांची के द्वारा पुलिस अधीक्षक ग्रामीण रांची के निर्देश में अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी बुण्डू के नेतृत्व में एक छापामारी दल का गठन कर सोनाहातु थाना गेट के पास वाहन चेकिंग प्रारम्भ किया गया।
वाहन चेकिंग के दौरान एक मोटरसाईकिल पर सवार एक पुरूष एवं एक महिला आते हुए दिखाई दिये, जिसे पुलिस द्वारा रूकने का ईशारा किया गया तो मोटरसाईकिल सवार भागने लगे, जिसे पुलिस द्वारा खदेड़ कर पकड़ लिया गया। पकड़ाये व्यक्ति देवीनाथ सिंह मुण्डा तथा पत्नी राधिका कुमारी दोनों बांधडीह टोला तिरीलपीड़ी, थाना कुचाई ( दलभंगा ओ०पी०), जिला सरायकेला-खरसावां का बताया गया। अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी बुण्डू रांची के द्वारा पकड़ाये व्यक्तिों की तलाशी लेने पर राधिका कुमारी के लेडिज पर्स में सफेद प्लास्टिक में रखा 02 किलोग्राम अफीम पाया गया।
पकड़ाये व्यक्तियों के पास से एक बिना नम्बर का अपाची मोटरसाईकिल भी बरामद किया गया। बताया गया कि ये लोग ग्रामीणों से अफीम खरीदकर बड़े अफीम तस्करों को बेचते हैं। इन दोनों को गिरफ्तार कर रांची भेज दिया गया है जहां प्रेस कांफ्रेंस कर इन्हें जेल भेज दिया जाएगा।