जीतेंगे झारखंड की सभी लोकसभा 14 सीटें

रांची। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता अजय आलोक ने शनिवार को पार्टी कार्यालय में झामुमो पर निशाना साधा। कहा कि यहां के लोगों ने बड़ी उम्मीद के साथ विधानसभा चुनाव में हेमंत सोरेन को चुना था। सोचा था कि वे उनकी और उनकी जमीन की रक्षा करेंगे, पर स्थिति यह है कि झामुमो जमीन मारो मोर्चा बन चुका है। यह मोर्चा जमीन लूट में शामिल हो गया। इस मोर्चा के सरदार जमीन लूट के चलते जेल में हैं। वे सहानुभूति बटोरने में लगे हैं। देश का इतिहास बताता है कि सजायाफ्ता नेताओं को सहानुभूति नहीं मिलती।
अजय आलोक ने कहा कि हेमंत सोरेन की जमीन लूट के मामले में उनके बचपन के दोस्त अभिषेक पिंटू ने गवाही दी है। इसके बाद से वे असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। छिपते फिर रहे हैं। ऐसे में उनकी अपील राज्य सरकार से है कि उन्हें अतिरिक्त सुरक्षा दे। आज हेमंत सोरेन में लालूजी की आत्मा घुस गयी है। वे नाखून कटा कर शहीद होने की बात कर रहे हैं।

 

अटल जी ने बनाया झारखंड, मोदी गढ़ेंगे

राष्ट्रीय प्रवक्ता अजय आलोक ने कहा कि बिहार और झारखंड पीएम की दो आंखें हैं। वे इस राज्य में हो रही गड़बड़ियों, करप्शन से आंखें नहीं मूंद सकते। इस राज्य को अटल बिहारी वाजपेयी ने बनाया। अब भाजपा ही इसे गढ़ेगी। छत्तीसगढ़ में पिछले पांच सालों में कांग्रेस ने उसे निचोड़ कर फेंक दिया। यहां भी अब झामुमो के साथ घमंडिया गठबंधन यही करने में लगा है। यह राज्य 1990 में ही बन जाना चाहिए था, पर लालू प्रसाद के साथ मिल कर शिबू सोरेन ने सौदा कर लिया। भ्रष्टाचार के पैसे अपने एकाउंट में लिये। अगर अटल बिहारी वाजपेयी नहीं होते, तो राज्य नहीं बनता। ऐसे में अब मोदीजी इस राज्य को गढ़ने के लिए लगे हैं। प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व और प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में झारखंड में भाजपा लोकसभा चुनाव मैदान में है। हमारा नारा है, हमने बनाया है हम ही गढ़ेंगे। मौके पर प्रदेश मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक, प्रदेश मीडिया प्रवक्ता अनिमेश सिंह भी उपस्थित थे।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version