-भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने चाइबासा में जनसभा को संबोधित किया
– एनडीए प्रत्याशी गीता कोड़ा को भारी बहुमत से विजयी बनाने की अपील की
आजाद सिपाही संवाददाता
चाइबासा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि झारखंड में झामुमो, कांग्रेस और राजद के नेतृत्व में सरकार चल रही है। ये सभी झारखंड के विरोधी हैं। झारखंडी विरोधी हैं। झारखंड के विकास के विरोधी है। इनसे झारखंड का विकास कभी नहीं हो सकता। झारखंड अलग राज्य का आंदोलन देश की आजादी के समय से ही चल रहा था। कांग्रेस पार्टी की सरकार केंद्र में थी। कभी उन्होंने झारखंड अलग राज्य नहीं बनाया। झारखंड की जनता की भावना का सम्मान नहीं किया। उसने अलग राज्य के लिए आंदोलन करने वाले नेता को खरीदने का ही काम किया। केंद्र में अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार आने पर अलग झारखंड राज्य का निर्माण हुआ। आज अगर हम अपने आपको झारखंड के वासी कहते हैं, तो यह भारतीय जनता पार्टी की देन है। अटल बिहारी वाजपेयी की देन है। झारखंड अलग राज्य झामुमो ने नहीं बनाया। कांग्रेस ने नहीं बनाया। उन लोगों ने झारखंड अलग राज्य के आंदोलन को कुचलने का काम किया। बाबूलाल सोमवार को सिंहभूम लोकसभा के राजनगर में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने चाइबासा से एनडीए प्रत्याशी गीता कोड़ा को भारी बहुमत से विजयी बनाने की अपील की।
बाबूलाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गरीबों के घर-घर तक गैस का कनेक्शन पहुंचाया। इतना ही नहीं, देश में कोई भूखा नहीं सोये, इसकी चिंता भी करते हैं। कोरोना काल के उस दिन को याद करें, जब देश में सब कुछ ठप हो गया था। कल कारखाने बंद हो गये थे। गाड़ियां नहीं चल रही थीं। उस समय नरेंद्र मोदी ने गरीबों की चिंता की। सभी के घरों में मुक्त राशन पहुंचाने की व्यवस्था की, ताकि कोई गरीब भूखा ना रहे। अगले पांच वर्ष तक लोगों को मुफ्त अनाज मिलता रहेगा। प्रधानमंत्री गरीब की चिंता करते हैं। किसान की चिंता करते हैं। महिला की चिंता करते हैं। युवा की चिंता करते हैं। सभी वर्ग की चिंता करते हैं। उन्हें फिर से प्रधानमंत्री बनायें। चाइबासा से भाजपा प्रत्याशी को जीता कर प्रधानमंत्री के हाथों को मजबूत करें।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि इंडी गठबंधन के लोगों ने राज्य की खनिज संपदा को बेच डाला। लोहा- कोयला को बेच दिया। नदी के बालू तक को नहीं छोड़ा। आज इस प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन इसी कारण से जेल में बंद हैं। पूर्व मुख्यमंत्री को हमने दर्जनों पत्र लिखा था। बताया था कि यहां पत्थर की चोरी हो रही है। बालू की चोरी हो रही है। कोयला की चोरी हो रही है। जमीन के फर्जी कागजात बना कर लोग उसे बेच रहे हैं। इसकी जांच कर उन पर कार्रवाई करें, लेकिन कार्रवाई करने के बजाय वे इन लोगों को संरक्षण दे रहे थे। इसके कारण इडी नें उन्हें पकड़ लिया। आज वे होटवार जेल में बंद हैं। आप अगर अपराधियों को संरक्षण देंगे, तो आपको सजा भुगतना ही होगा।
मरांडी ने कहा कि इंडी गठबंधन के लोग इस बात का झूठा प्रचार कर रहे हैं कि सत्ता में आने के बाद भाजपा आदिवासियों और गरीबों की जमीन लूट लेगी। इस राज्य में भाजपा के तीन मुख्यमंत्री हुए। आप ही बता दें कि उनके कार्यकाल में कितने आदिवासी और गरीबों की जमीन लूटी गयी। हेमंत सोरेन की एक सौ अधिक डीड हमारे पास है। झारखंड की सभी जगहों पर उन्होंने गरीबों और आदिवासियों की जमीन पर कब्जा किया है। सत्ता की सहयोगी कांग्रेस पार्टी को तो राज्य के लोगों से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने इस देश में 50 से 60 वर्षों तक राज किया। उन्हीं के कार्यकाल में बड़े-बड़े कारखाने और नहर बने थे। खदानें खुली थीं। गांव के गांव उजाड़े गये। उनको आज तक कहीं शरण नहीं मिली। वे ठोकरे खा रहे हैं। उनका आज कोई अता पता नहीं है। अब वे लोग अपने आपको आदिवासियों के बहुत बड़े हितैषी कह रहे हैं। ये सारे लोग देश को, इस प्रदेश को सिर्फ लूटने का काम कर रहे हैं।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version