चाईबासा में पीएलएफआइ के दो नक्सली गिरफ्तार
दो एके 47, तीन मैगजीन, 118 गोली और 50 हजार नगद बरामद
चाईबासा। लोकसभा चुनाव से पहले पश्चिमी सिंहभूम पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने पीएलएफआई के एरिया कमांडर सोमा हेंब्रम और बिरसा खंडाइत को गोइलकेरा थाना क्षेत्र के चितिर पहाड़ी के पास से गिरफ्तार किया है। उनके पास से दो एके 47 राइफल, तीन मैगजीन, 118 राउंड गोली, 50 हजार नगद और कई अन्य सामान बरामद किये गये हैं। एसपी आशुतोष शेखर ने बताया कि उन्हें जंगल पहाड़ी क्षेत्र में प्रतिबंधित नक्सली संगठन पीएलएफआइ के एरिया कमांडर सोमा हेंब्रम उर्फ नाजोम के अपने दस्ते के कुछ सदस्यों के साथ घूमने की सूचना मिली थी। यह दस्ता गोइलकेरा और आनंदपुर थाना क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों को बंद करने तथा ठेकेदार से लेवी मांग करने की फिराक में था। एसपी ने एक टीम को इलाके में भेजा, जिसने चिटिर पहाड़ी क्षेत्र के आसपास अभियान के दौरान दोनों नक्सलियों को गिरफ्तार किया। दोनों को शनिवार को जेल भेज दिया गया।