रांची। भाजपा प्रदेश कार्यालय में अंबेडकर सम्मान अभियान को लेकर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया जिसकी अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने की। बाबूलाल मरांडी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने बाबा साहब अंबेडकर के सपनों को, उनके विचारों को बार-बार रौंदा। देश की बड़ी आबादी दलित समाज को मुख्यधारा से कभी जुड़ने नहीं दिया। कांग्रेस पार्टी यह जानती थी कि बाबा साहब का महिमा मंडन होगा तो, उनके विचार देश के सामने आयेंगे तो कांग्रेस पार्टी का देश-विरोधी, दलित-विरोधी सोच उजागर होगी। कांग्रेस पार्टी ने बाबा साहब को बार-बार अपमानित किया। उन्हें संविधान सभा में नहीं आने देने का षड्यंत्र रचा, उन्हें दो बार चुनाव हराने की साजिश रची गयी।

लेकिन बाबा साहब बादलों को चीरते हुए राजनीतिक क्षितिज पर चमकते रहे। यही कांग्रेस पार्टी है जिसने संविधान की धज्जियां उड़ायी, लोकतंत्र को कुचला, देश में चुनी हुई सरकार को हटाकर राष्ट्रपति शासन थोपा, आपातकाल लगाकर लोकतंत्र का गला घोंटा और आज पॉकेट में संविधान रखकर जनता के बीच भ्रम फैला रहे। कांग्रेस के शीर्ष नेता प्रारंभ से आरक्षण के विरोध में बयान देते रहे हैं लेकिन आज ये भाजपा पर आरक्षण समाप्त करने का भ्रम फैलाते हैैं। भाजपा इसका मुंहतोड़ जवाब दे रही। हम बार-बार जनता के बीच जायेंगे और कांग्रेस के काले कारनामों को उजागर करेंगे। बाबा साहब को सच्चा सम्मान भाजपा ने दिया। अटल जी, आडवाणी जी के नेतृत्व में चल रही भाजपा समर्थित वीपी सिंह सरकार ने उन्हें भारत रत्न दिया। संसद के सेंट्रल हॉल में तैल चित्र लगवाये, आज मोदी सरकार ने उनसे जुड़े पांच स्थानों को पंच तीर्थ के रूप में विकसित किया है। बाबा साहब के विचारों के अनुरूप मोदी सरकार अंत्योदय के कार्यों को तेजी से धरातल पर उतार रही। दलित समाज आज तेजी से मुख्यधारा में जुड़ रहा है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version