पलामू। झारखंड की राजधानी रांची के काठीटाड़ से स्वीफ्ट डिजायर कार बुक कर पांकी थाना क्षेत्र के जंगल में लाकर लूटपाट करने वाले तीन लुटेरों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। एक फरार है। लूटे गए दो मोबाईल फोन, नगद और कार की चाभी बरामद की गयी है। घटना 24 अप्रैल को हुई थी। इस संबंध में विकास कुमार राम ने एफआइआर दर्ज करायी थी।
गिरफ्तार लुटेरों में पांकी के जोल्हाबीघा के मो. शमशाद अंसारी (25), पिपराटाड़ के गड़ गांव के मो. हुसैन आलम उर्फ सोनम आलम (22) और मो. इमाम आलम उर्फ कारू (24) शामिल हैं। एक फरार आरोपित की पहचान हो गयी है और उसकी गिरफ्तारी के लिए छापमारी की जा रही है।
पांकी के थाना प्रभारी राजेश रंजन ने मंगलवार को बताया कि 24 अप्रैल को रांची के काठीटाड़ चौक से हेरहंज के लिए एक स्वीफ्ट डिजायर कार बुक की गयी थी। कार चालक को पांकी के उलगड़ा जंगल में लाकर चाकू का भय दिखाकर दो मोबाइल फोन, नगद सात हजार रूपये एवं कार की चाभी लूट ली थी। मामला सामने आने के बाद कार्रवाई के लिए टीम गठित की गयी। पांकी अंचल की पुलिस निरीक्षक पूनम टोपो के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए तीन लुटेरों को गिरफ्तार किया । लूटा गया दो मोबाइल फोन, एक चाकू, 800 रूपए नगद, स्वीफ्ट डिजायर कार की चाभी सहित अन्य सामान बरामद की गयी।
थाना प्रभारी ने बताया कि लुटेरों का सरगना मो. शमशाद अंसारी है। उसके खिलाफ पांकी और पिपराटाड़ थाना में हत्या और लूट एवं आर्म्स एक्ट के पूर्व से मामले दर्ज हैं।