रांची: झारखंड को अब 24 घंटे पूरी दुनिया देखेगी। जी हां, मुख्यमंत्री रघुवर दास का प्रयास रंग लाया। केंद्र सरकार ने झारखंड दूरदर्शन को 24 घंटे प्रसारण की मंजूरी दे दी है। इसके लिए रांची में स्वतंत्र दूरदर्शन केंद्र की स्थापना की जायेगी। इसके लिए राज्य सरकार को जमीन और जगह उपलब्ध कराने का निर्देश केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण एवं शहरी विकास मंत्री वेंकैया नायडू ने दिया है। मंगलवार को झारखंड को वेंकैया नायडू ने सूचना एवं प्रसारण के क्षेत्र में यह बड़ी सौगात देने की घोषणा की। प्रोजेक्ट भवन स्थित सभाकक्ष में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में पत्रकारों से नायडू ने कहा कि मुख्यमंत्री के आग्रह को स्वीकार करते हुए अब झारखंड में 24 घंटे दूरदर्शन की सेवा उपलब्ध करायी जायेगी। विदित हो कि मुख्यमंत्री रघुवर दास ने केंद्रीय मंत्रालय को पत्र लिख कर 24 घंटे दूरदर्शन के प्रसारण का आग्रह किया था, ताकि देश और दुनिया झारखंड की गतिविधियों को देख सके। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि झारखंड दूरदर्शन के नाम से सैटेलाइट सर्विस दी जायेगी। इसे पूर्ण रूप से लागू करने में छह से आठ माह का समय लग सकता है। तब तक के लिए सोमवार से शनिवार तक प्रत्येक दिन दूरदर्शन पर झारखंड के कार्यक्रम 4 घंटे दिखाये जायेंगे। बिहार सेटेलाइट से यह सेवा शुरू की जायेगी। दोपहर बाद 3 से 4 बजे तक सामान्य कार्यक्रमों का प्रसारण होगा, जबकि दोपहर 12 से 12.30 बजे और शाम 7.15 से 7.30 बजे तक न्यूज बुलेटिन का प्रसारण किया जायेगा।

झारखंड सरकार के कार्यों की सराहना की
केंद्रीय मंत्री ने शहरी विकास के क्षेत्र में झारखंड सरकार द्वारा किये जा रहे कार्यों की सराहना की। आजाद सिपाही के सवाल पर वेंकैया नायडू ने कहा कि ओवर आॅल झारखंड सरकार बेहतर काम कर रही है। इसे और बेहतर करने की जरूरत है।

278.36 करोड़ का सर्टिफिकेट सौंपा
केंद्रीय मंत्री वेंकैया नायडू ने मुख्यमंत्री रघुवर दास को शहरी विकास के लिए विभिन्न मद में 278. 36 करोड़ रुपये का सर्टिफिकेट भी सौंपा। यह पैसा भारत सरकार ने स्वीकृत कर दिया है। नायडू ने स्मार्ट सिटी, अर्बन ट्रांसपोर्ट सिस्टम, हाउसिंग फॉर आॅल जैसे प्रोजेक्ट पर तेजी से काम करने का निर्देश राज्य सरकार को दिया।

तीन साल में चुनौती बदली अवसर में: रघुवर

मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि देश में संघीय ढांचे को टीम इंडिया मजबूती प्रदान कर रही है। इसने तीन साल में देश में शहरी विकास की चुनौती को अवसर के रूप में बदला है। केंद्र और राज्य मिलकर देश को नयी ऊंचाइयों पर ले जायेंगे। आजादी के 70 साल बाद झारखंड को यह बड़ी सौगात मिली है, जो संचार क्रांति के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगा। 10 दिनों में बिहार दूरदर्शन के सेटेलाइट के माध्यम से प्रसारण शुरू हो जायेगा। छह माह में केंद्र और राज्य की सभी परियोजनाएं धरातल पर उतरती नजर आयेंगी। 6 माह के अंदर स्मार्ट सिटी का भूमि पूजन होगा। हमारी कोशिश होगी कि यह शिलान्यास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों कराया जाये।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version