गिरिडीह। गिरिडीह पुलिस ने साइबर क्राइम रैकेट का खुलासा किया है। पुलिस ने दासडीह के मुखिया और एक करोड़पति पवन मंडल समेत 11 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से पुलिस ने 26 मोबाइल, 33 सिम कार्ड, 19 एटीएम कार्ड, सात पासबुक, पांच फर्जी आधार कार्ड और वोटर कार्ड के साथ चार पेन ड्राइव भी बरामद किया है।
गिरफ्तार सभी अपराधियों का पुराना रिकार्ड रहा है और ये साइबर क्राइम मामले में ये पहले भी पुलिस के हत्थे चढ़ चुके हैं। गांडेय के दासडीह का मुखिया हरि लाल मंडल की गिरोह का सरगना बताया जा रहा है। उसके खिलाफ गांडेय थाना में पूर्व बीडीओ प्रभाकर मिर्घा पर गोली चलाने का केस दर्ज है। यह जानकारी शुक्रवार को एसपी सुरेंद्र झा और साइबर डीएसपी संदीप सुमन समदर्शी ने पत्रकारों को दी।

ये हैं गिरफ्तार अपराधी
एसपी ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों में सुभाष मंडल और मंटु मंडल दोनों साला-बहनोई हैं। सुभाष मंडल जामताड़ा के करमाटांड़ गांव का रहनेवाला है। उसका साला मंटु मंडल गांडेय के महेशमुंडा गांव का रहनेवाला है। इसके अलावे गांडेय निवासी मुकेश मंडल उर्फ टिंकू, पवन मंडल, मिनेश मंडल, संदीप मंडल, वीरेन्द्र मंडल, ईश्वर साव, छोटन मंडल, संतोष मंडल और हरि लाल मंडल शामिल हैं। गिरोह का 12वां अपराधी गोंविद मंडल अब भी फरार है।

पांच करोड़ से ज्यादा की कर चुके हैं ठगी
एसपी ने कहा कि इस गिरोह ने अब तक पांच करोड़ से ज्यादा की ठगी की है। ये बैंक अधिकारी बन कर खाताधारकों के खाते से पैसे उड़ाते थे। इन्होंने कई वीआइपी को भी चूना लगाया है। इनके पास से बरामद मोबाइल फोन को साइबर थाना पुलिस खंगाल रही है। गिरफ्तार पवन मंडल करोड़पति है। सिर्फ उसके घर की कीमत करीब ढाई करोड़ है। उसके घर का मेन गेट से लेकर एक-एक कमरा रिमोट कंट्रोल से चलता है। इस अपराधी का घर बाहर से जितना खूबसूरत है, उतना ही आलीशान घर के भीतर से भी है। एसपी के अनुसार सभी अपराधी बेहद शातिर हैं। एसपी झा के अनुसार गुप्त सूचना के आधार पर साइबर डीएसपी और साइबर थाना के दारोगा ध्रुव कुमार ने पुलिस जवानों के साथ छापेमारी कर गिरफ्तार करने में सफलता पायी।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version