रांची। ईद-उल-अजहा (बकरीद) पर गुरुवार की सुबह रांची और आसपास क्षेत्रों के विभिन्न मस्जिदों और ईदगाहों में बकरीद की नमाज अदा की गई। इसके बाद लोगों ने एक-दूसरे के गले मिलकर बकरीद की मुबारकबाद दी। कुछ जगहों पर मस्जिद के बाहर भी नमाज अदा की गई। इस दौरान रांची पुलिस भी बेहद सतर्क है। संवेदनशील स्थानों पर सुबह पांच बजे से ही पुलिस बल मुस्तैद है।

रांची में ईद उल अजहा को लेकर काफी उत्साह देखने को मिला। हालांकि, तीन दिनों से हो रही लगातार बारिश की वजह से थोड़ी खलल जरूर पड़ी। बारिश की वजह से ही रांची के हरमू रोड ईदगाह में कई वर्षों के बाद नमाज अदा नहीं की गई। अंजुमन इस्लामिया ने यह तय किया कि ईदगाह में इस बार नमाज अदा नहीं की जाएगी। भारी बारिश की वजह से यह फैसला लिया गया। रांची के मेन रोड, डोरंडा, हिंदपीढ़ी, बरियातू, कांके, पिठोरिया, अरगोड़ा सहित तमाम मस्जिदों में हल्की बूंदाबांदी के बीच ईद उल अजहा की नमाज अदा की गई।

पुलिस अलर्ट, सभी थाना प्रभारी रहे मौजूद

बकरीद को देखते हुए राजधानी के सभी संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल के साथ ड्रोन की टीम को भी तैनात किया गया था। सभी थाना प्रभारी नमाज के वक्त अपने अपने इलाकों में भ्रमणशील रहे। रांची में दो हजार पुलिस बलों की तैनाती की गई है। खासकर वैसे ही इलाके जहां बकरीद के समय पूर्व में सामाजिक सौहार्द्र बिगड़ा था, वहां विशेष निगरानी रखी जा रही है। सोशल मीडिया पर भी विशेष नजर पुलिस के द्वारा रखी जा रही है। रांची पुलिस के द्वारा एक दिन पूर्व ही यह संदेश जारी कर दिया गया था कि अगर कोई भी सामाजिक सौहार्द्र को बिगाड़ने की कोशिश करेगा तो उसे बख्शा नहीं जाएगा।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version