रांची। पटना से रांची आने-जानेवाले रेल यात्रियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आयी है। पटना-रांची वंदे भारत एक्सप्रेस अब पटना टू रांची की पटरियों पर दौड़ने के लिए तैयार है। 11 जून को पटना से रांची के लिए ट्रेन ट्रायल रन पर चलेगी। बता दें, पटना से रांची चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन चेन्नई से पटना पहुंच गयी है। वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। इसके बाद लोगों ने ट्रेन को छूते हुए सेल्फी लेनी शुरू कर दी थी। भारत में निर्मित पहली सेमी हाई स्पीड ट्रेन यानी वंदे भारत एक्सप्रेस का लोग बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। अब उनका इंतजार खत्म हो गया है। यह ट्रेन पहले पटना के राजेंद्र नगर कोचिंग कॉम्प्लेक्स पहुंच कर रुकने वाली थी, मगर राजेंद्र नगर स्टेशन के यार्ड में जगह नहीं मिलने पर ट्रेन को पटना जंक्शन प्लेटफार्म नंबर 7 पर रोका गया। 11 जून को पटना से वंदे भारत ट्रेन सुबह 6:55 बजे खुलेगी, जो दोपहर 2:20 पर राजधानी रांची पहुंचेगी। यह ट्रेन पटना, गया, कोडरमा हजारीबाग, बरकाकाना होते हुए राजधानी रांची पहुंचेगी। उद्घाटन स्पेशल के रूप में पहले दिन यह वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन पटना से रांची और रांची से पटना के बीच चलायी जायेगी।
इन स्टेशनों से इतने समय में गुजरेगी वंदे भारत एक्सप्रेस
आपको बता दें, पटना टू रांची के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन 6 घंटे में अपनी समय दूरी तय करेगी। बात करें रेलवे सूत्रों की तो उनके मुताबिक, पटना से रांची के बीच नई रेल लाइन बिछाई गयी है। जहां से वंदे भारत ट्रेन का संचालन किया जाएगा। मिली जानकारी के अनुसार, यह ट्रेन पटना से खुलते हुए जहानाबाद और गया होते हुए झारखंड में इंट्री करेगी, जो कोडरमा, हजारीबाग, बरकाकाना, सिधवार सांकी, टाटी सिल्वे से होते हुए राजधानी रांची पहुंचेगी।नई रेल लाइन में बरकाकाना का रूट एकदम से नया है जिसमें सबसे पहले वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का संचालन होगा।
मेंटेनेंस की व्यवस्था पूरी, ट्रेन में बैठ सकते है 530 यात्री
रिपोर्ट्स के अनुसार, पटना-रांची वंदे भारत ट्रेन का सेकेंडरी मेंटेनेंस पटना का राजेंद्र नगर कोचिंग कॉम्प्लेक्स में होगा। वहीं ट्रेन का प्राइमरी मेंटेनेंस रांची में होगा। वंदे भारत एक्सप्रेस के मेंटेनेंस के लिए राजेंद्र नगर कोचिंग कॉम्प्लेक्स को पूरी तरह तैयार किया गया है। इससे पहले जिन रेल लाइन पर वंदे भारत का संचालन किया जा रहा है वहां पर अधिकतर वंदे भारत 16 कोच वाली ट्रेन है। पटना से रांची रूट पर यात्रियों के कम होने के कारण इस रूट पर 8 कोच वाली ट्रेन के संचालन का फैसला लिया गया है। रेलवे के अनुसार, इस ट्रेन में करीब 530 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था है। बता दें, इस नई वंदे भारत एक्सप्रेस में एक लग्जरी, 5 सामान्य और 2 ड्राइवर कोच शामिल है।