रांची। भाजपा की आठ और आजसू की एक सीट पर जीत में भाजपा ओबीसी मोर्चा का अहम रोल रहा है। पांच लोकसभा क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन में मोर्चा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। दो महीने से भाजपा पिछड़ा जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अमरदीप यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रवास कर राज्य के 81 विधानसभा क्षेत्रों में सामाजिक सम्मेलन, बैठक, युवा संवाद, नुक्कड़ सभा, पर्चा वितरण, जनसंपर्क, सोशल मीडिया आदि माध्यम से नरेंद्र मोदी सरकार में पिछड़ों के हित में चल रही योजनाओं, कार्यों की जानकारी मतदाताओं तक पहुंचायी। राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ के लक्ष्मण और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी के निर्देश पर ओबीसी मोर्चा बड़े सम्मेलन के अलावा कार्यकर्ता छोटी-छोटी टोलियों में बंटकर लगभग 18 हजार से अधिक गांवों में जनसंपर्क कर पार्टी की विचारधारा और योजनाओं को पहुंचाया।
अध्यक्ष का 90 दिन में 53 विस क्षेत्र में प्रवास
मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अमरदीप यादव ने स्वयं 90 दिनों में 14 लोकसभा में 11 और 81 में 53 विधानसभा क्षेत्रों में प्रवास कर कार्यक्रम, बैठकों में हिस्सा लिया। उपाध्यक्ष ईश्वर चंद्र प्रजापति, प्रदेश महामंत्री हरधर शाह, चौधरी महतो, प्रदेश मंत्री अजय शर्मा समेत अन्य पदाधिकारियों ने भी मेहनत की।
कार्यक्रमों में बाबूलाल भी करते रहे शिरकत
ओबीसी मोर्चा के अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में हुए कार्यक्रमों में प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी समेत सांसद, विधायक, प्रत्याशी भी शिरकत करते रहे।