पटना। बिहार विधान मंडल में मानसून सत्र के दूसरे दिन आज बिहार विधानसभा में हंगामे के बाद विधान परिषद में भी भारी हंगामा हुआ। दूसरे दिन सदन की कार्यवाही जैसे ही शुरू हुई, भाजपा सदस्य शिक्षक नेताओं को नजरबंद करने के बारे में जानकारी दी।

भाजपा एमएलसी नवल किशोर यादव ने यह मुद्दा उठाया। उन्होंने सदन में कहा कि बिहार में इमरजेंसी से भी गंभीर हालात हो गए हैं। पुलिस शिक्षकों व उनके नेताओं को घर में बंद कर दी है। आवाज को दबाने की कोशिश की जा रही है। भाजपा सदस्य के समर्थन में अन्य सदस्य भी आ गए और नारेबाजी करने लगे। भाजपा सदस्य नारेबाजी करते हुए वेल में पहुंच गए।

नारेबाजी के बीच संसदीय कार्य मंत्री विजय चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री ने स्वयं कहा है कि शिक्षक संगठन से बात करेंगे और नियम के अनुसार काम करेंगे। मंत्री ने कहा कि यदि मुख्यमंत्री की बात से इन लोगों को संतुष्टि नहीं है तो इन्हें शिक्षकों से कोई सहानुभूति नहीं है। सभापति ने कहा कि जब मुख्यमंत्री ने आश्वासन दे दिया तो आप लोग बैठ जाइए।

सम्राट चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री ने जब समीक्षा की बात कह रहे तो फिर हाऊस अरेस्ट क्यों कर रहे? आप लोग गुंडागर्दी कर रहे हैं। इस पर विजय चौधरी ने जवाब दिया कि जब मुख्यमंत्री ने कह दिया है तो फिर आंदोलन क्यों? इसलिए हाऊस अरेस्ट किया गया है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version