रांची। असम के एडिशनल डायरेक्टर जनरल आॅफ पुलिस ने झारखंड के डीजीपी अजय कुमार सिंह को चिट्ठी लिखी है। एडीजी हीरेनचंद्र नाथ ने झारखंड के डीजीपी से कहा है कि मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के झारखंड दौरे में जितना भी खर्च आयेगा, आप बिल भेज दीजिए। हम उसका भुगतान कर देंगे। एडीजी हीरेनचंद्र नाथ ने कहा कि चूंकि मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा को झारखंड का सह चुनाव प्रभारी नियुक्त किया गया है, इसलिए वह विधानसभा चुनाव संपन्न होने तक लगातार झारखंड का दौरा करेंगे। जाहिर है, उनका सिक्योरिटी एरेंजमेंट करना होता है।

पूरे भारत में हिमंता कहीं भी जातें हैं, उनको जेड प्लस सिक्योरिटी मिलती है, जिसमें केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवान होते हैं। एडीजी हीरेनचंद्र नाथ ने कहा कि हमारी अपील है कि हिमंता बिस्वा सरमा को झारखंड दौरे में पर्याप्त सुरक्षा मुहैया करायें। जो खर्च आयेगा, हम भुगतान करेंगे। दरअसल, पिछले दिनों झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा था कि हिमंता बिस्वा सरमा और शिवराज सिंह चौहान झारखंड में पॉलिटिकिल टूरिज्म कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान हर हफ्ते झारखंड आते हैं। विभिन्न इलाकों का दौरा करते हैं। प्रोटोकॉल के मुताबिक हमें उनके लिए सिक्योरिटी सहित अन्य इंतजाम करने पड़ते हैं। इसका सारा वित्तीय बोझ राज्य सरकार को वहन करना पड़ता है। इसका जवाब देते हुए हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा था कि उनके झारखंड दौरे में जितना भी खर्च होता है, वह इसका वहन कर देंगे।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version