नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में भू-राजनीतिक तनाव कम होने और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में आई गिरावट के बीच वैश्विक बाजारों से भारतीय शेयर बाजार के लिए सकारात्मक संकेत मिल रहे हैं। अमेरिकी और यूरोपीय बाजारों में पिछले कारोबारी सत्र के दौरान निवेशकों का रुख उत्साहजनक रहा, जबकि बुधवार को एशियाई बाजारों में मिला-जुला कारोबार देखने को मिला।

अमेरिकी शेयर बाजारों में पिछले सत्र के दौरान मिश्रित प्रदर्शन दर्ज किया गया। एसएंडपी 500 इंडेक्स मामूली बढ़त के साथ 7,411.98 अंक पर बंद हुआ, जबकि नैस्डैक इंडेक्स 0.64 प्रतिशत की गिरावट के साथ 24,975.82 अंक पर बंद हुआ। वहीं, डाउ जॉन्स फ्यूचर्स में आज शुरुआती कारोबार के दौरान मजबूती दिखाई दी और यह 293.58 अंक यानी 0.57 प्रतिशत की बढ़त के साथ 52,240.83 अंक पर कारोबार करता नजर आया।

यूरोपीय बाजारों में भी निवेशकों का भरोसा मजबूत रहा। ब्रिटेन का एफटीएसई इंडेक्स 0.90 प्रतिशत की बढ़त के साथ 10,736.23 अंक पर बंद हुआ। फ्रांस का सीएसी इंडेक्स 0.87 प्रतिशत मजबूत होकर 8,372.28 अंक पर पहुंच गया, जबकि जर्मनी का डीएएक्स इंडेक्स 1.34 प्रतिशत की छलांग लगाकर 25,099 अंक पर बंद हुआ।

एशियाई बाजारों में आज कारोबार का रुख मिश्रित रहा। नौ प्रमुख बाजारों में से चार सूचकांक बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे, जबकि पांच सूचकांकों में गिरावट दर्ज की गई। गिफ्ट निफ्टी 125 अंक यानी 0.52 प्रतिशत की बढ़त के साथ 23,953 अंक पर कारोबार कर रहा था। हांगकांग का हैंग सेंग इंडेक्स 0.86 प्रतिशत मजबूत होकर 25,179 अंक पर पहुंच गया। चीन का शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 0.40 प्रतिशत की बढ़त के साथ 3,829.39 अंक पर कारोबार कर रहा था, जबकि सिंगापुर का स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स 0.23 प्रतिशत की तेजी के साथ 5,601.46 अंक पर बना हुआ था।

दूसरी ओर, ताइवान वेटेड इंडेक्स 1.23 प्रतिशत की गिरावट के साथ 43,126.24 अंक पर कारोबार कर रहा था। दक्षिण कोरिया का कोस्पी इंडेक्स 0.81 प्रतिशत कमजोर होकर 6,637.06 अंक पर आ गया। इसके अलावा थाईलैंड का सेट कंपोजिट इंडेक्स 0.64 प्रतिशत, जापान का निक्केई इंडेक्स 0.06 प्रतिशत और इंडोनेशिया का जकार्ता कंपोजिट इंडेक्स 0.05 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार करते दिखाई दिए।

विश्लेषकों का मानना है कि वैश्विक स्तर पर तनाव कम होने और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी से निवेशकों की धारणा मजबूत हुई है, जिसका सकारात्मक असर भारतीय शेयर बाजार पर भी देखने को मिल सकता है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version