नई दिल्ली। घरेलू शेयर बाजार ने मंगलवार को मजबूत वैश्विक संकेतों के बीच बढ़त के साथ कारोबार की शुरुआत की। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में आई गिरावट और सकारात्मक निवेश माहौल के कारण शुरुआती घंटे में सेंसेक्स और निफ्टी दोनों प्रमुख सूचकांकों में अच्छी तेजी देखने को मिली। हालांकि शुरुआती बढ़त के बाद मुनाफावसूली के चलते हल्की बिकवाली भी हुई, लेकिन बाजार मजबूती के साथ कारोबार करता रहा।

सुबह 10:15 बजे तक बीएसई सेंसेक्स 581.48 अंक यानी 0.76 प्रतिशत की बढ़त के साथ 76,641.25 अंक पर कारोबार कर रहा था। वहीं एनएसई निफ्टी 164.15 अंक यानी 0.69 प्रतिशत मजबूत होकर 23,931.60 अंक पर पहुंच गया।

बीएसई सेंसेक्स ने 549.21 अंक की बढ़त के साथ 76,608.98 अंक पर कारोबार की शुरुआत की। शुरुआती कारोबार में बिकवाली के दबाव के कारण यह 76,530.24 अंक तक फिसला, लेकिन जल्द ही खरीदारी बढ़ने से सूचकांक 76,715.64 अंक के इंट्राडे उच्च स्तर तक पहुंच गया। इसके बाद मुनाफावसूली के चलते इसमें मामूली गिरावट आई, लेकिन बढ़त बरकरार रही।

एनएसई निफ्टी ने भी 160.95 अंक की तेजी के साथ 23,928.40 अंक पर कारोबार शुरू किया। शुरुआती बिकवाली के चलते यह 23,896.70 अंक तक आया, लेकिन खरीदारों की सक्रियता बढ़ने के बाद निफ्टी 23,964.50 अंक तक पहुंच गया। बाद में मुनाफावसूली के कारण इसमें हल्की नरमी आई, फिर भी यह बढ़त के साथ कारोबार करता रहा।

शुरुआती एक घंटे के कारोबार में इंटरग्लोब एविएशन, एटरनल, इंफोसिस, एशियन पेंट्स और टेक महिंद्रा के शेयरों में सबसे अधिक तेजी दर्ज की गई। वहीं ओएनजीसी, विप्रो, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस, डॉ. रेड्डीज लैबोरेट्रीज और सिप्ला के शेयर दबाव में कारोबार करते नजर आए।

बाजार की चौड़ाई भी सकारात्मक रही। सक्रिय रूप से कारोबार कर रहे 2,807 शेयरों में से 2,282 शेयर बढ़त के साथ हरे निशान में थे, जबकि 525 शेयरों में गिरावट दर्ज की गई। सेंसेक्स के 30 में से 26 शेयर बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे, जबकि केवल चार शेयर लाल निशान में थे। वहीं निफ्टी के 50 में से 40 शेयरों में तेजी और 10 शेयरों में कमजोरी देखने को मिली।

गौरतलब है कि पिछले कारोबारी सत्र में बाजार गिरावट के साथ बंद हुआ था। शुक्रवार को सेंसेक्स 331.62 अंक यानी 0.43 प्रतिशत टूटकर 76,059.77 अंक पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 102.15 अंक यानी 0.43 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23,767.45 अंक पर बंद हुआ था। मंगलवार को शुरुआती कारोबार में आई मजबूती ने निवेशकों के बेहतर होते भरोसे का संकेत दिया।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version