बोकारो. सेक्टर नौ बड़ा खटाल की शिवशक्ति काॅलोनी में रविवार की सुबह कंचा खेलने के दौरान हुई चाकू बाजी में घायल दूसरे बच्चे की भी गुरुवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। इसका इलाज मेडिका, रांची में चल रहा था। एक बच्चे की मौत घटना के दिन ही हॉस्पिटल ले जाने के दौरान रास्ते में ही हो गई थी। मुख्य आरोपी को पुलिस ने घटना के दिन ही अरेस्ट कर लिया था।
कैसे हुई थी घटना : कॉलोनी में कंचा खेलने के दौरान कुछ बात को लेकर बच्चों में आपस में विवाद शुरू हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि शक्ति नामक एक युवक ने मंगल उर्फ मनीष कुमार एवं सूरज कुमार को चाकू मार दिया। जानकारी मिलते ही मनीष के चाचा समोवर यादव व उनके सहयोगी दोनों घायल बच्चों को लेकर बीजीएच पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने गीता यादव के 15 वर्षीय पुत्र मंगल को मृत घोषित कर दिया। वहीं, चुनकेश्वर यादव के 15 वर्षीय पुत्र सूरज को गंभीरावस्था में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कर लिया। गंभीर स्थिति देखते हुए उसे मेडिका एडमिट कराया गया। जहां गुरुवार को उसकी भी मौत हो गई।
सभी बच्चे हैं स्कूल में पढ़ने वाले : चाकूबाजी के पीड़ित और आरोपी दोनों स्कूली छात्र है और प्रतिदिन आपस में खेलते थे। खेल के क्रम में पूर्व में भी उन लोगों में आपस में विवाद होता रहा है। मंगल और सूरज ने जहां इस वर्ष मैट्रिक की परीक्षा दी थी। वही मुख्य आरोपी शक्ति चास के बीरसा आईटीआई का छात्र है।