रांची. नगर निगम के उप नगर आयुक्त संजय कुमार और सिटी मैनेजर वार्ड नंबर 14 में सफाई का जायजा लेने शनिवार को पहुंचे। निगम की टीम जिधर से गुजरी उधर ही गंदगी का अंबार दिखा। रोड के किनारे जहां-तहां कूड़ा का ढेर दिखा। इस वार्ड की सफाई रांची एमएसडब्ल्यू करती है। इसके बावजूद मुहल्लों में कूड़ा का ढेर देख उप नगर आयुक्त ने कंपनी को कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि जितनी जल्द हो सके व्यवस्था सुधारे। वर्ना कंपनी पर जुर्माना लगाया जाएगा। मौके पर सिटी मैनेजर संदीप कुमार, सौरभ कुमार और अंबुज सिंह उपस्थित थे।
लोगों ने बताया घर से नियमित नहीं उठता कूड़ा : निरीक्षण के दौरान निगम की टीम ने आम लोगों से पूछा कि घर से कूड़ा का उठाव होता है या नहीं। लोगों ने बताया कूड़ा तो उठता है लेकिन दो से तीन दिन के बाद कर्मचारी आते हैं। इसलिए घर से बाहर ही कूड़ा फेंकना मजबूरी है। लोगों ने नाली की सफाई नहीं होने की सबसे अधिक शिकायत की। नाली सफाई की जिम्मेवारी नगर निगम की है, लेकिन निगम के सफाईकर्मी वार्ड में दिखते ही नहीं। इस वजह से मच्छर पनप रहा है। इस क्षेत्र में फॉगिंग भी नहीं होने की शिकायत मिली। निगम पदाधिकारियों ने निगम के कर्मचारियों को लगाकर सफाई कराने और शाम में फॉगिंग कराने का निर्देश दिया।
चिकनगुनिया और डेंगू का बड़ा प्रकोप : हिंदपीढ़ी के विभिन्न वार्डों में चिकनगुनिया और डेंगू का प्रकोप जारी है। रोज ब्लड सैंपल की रिपोर्ट आ रही है, जिसमें दर्जनों लोगों के पीड़ित होने की पुष्टि की जा रही है। पूरी राजधानी में भय का वातावरण है। पूरा सिस्टम रेस है। हेल्थ कैंप समेत सरकारी और निजी अस्पतालों में खून की जांच चल रही है। स्वास्थ्य विभाग और नगर निगम की ओर से हर तरफ सफाई अभियान चलाया जा रहा है। हेल्पलाइन नंबर के साथ-साथ राज्य मलेरिया विभाग और निगम के अधिकारियों के फोन नंबर जारी किए जा रहे हैं। ताकि कहीं गंदगी न रहे। राजधानी के लोग चिकनगुनिया और डेंगू से पीड़ित हैं। शहर की बदहाल स्थिति देख पूरा शहर भयभीत है। इसके बावजूद साफ-सफाई के सिर्फ दावे हो रहे हैं।