बेगूसराय। भारतीय जनता युवा मोर्चा बखरी मंडल के तत्वावधान में सोमवार को बखरी में विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई। इस दौरान बड़ी संख्या में युवा हाथों में तिरंगा लिए देशभक्ति गानों पर झूमते रहे। कारगिल चौक से शुरू तिरंगा यात्रा मुख्य बाजार, शकरपुरा, सलौना एवं रामपुर आदि गांव का भ्रमण करते हुए पुनः कार्यक्रम स्थल पर पहुंची।

कार्यक्रम स्थल पर संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव वर्मा ने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर स्वाधीनता के अमृत महोत्सव के परिप्रेक्ष्य में प्रदेश भर में भाजपा हर घर तिरंगा अभियान के तहत तिरंगा यात्रा निकाल रही है। तिरंगा यात्रा का उद्देश्य लोगों में राष्ट्रप्रेम की भावना जागृत करना, राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सद्भाव एवं स्वाधीनता के आंदोलन से जुड़े सेनानियों को याद करना है।

नगर अध्यक्ष अमरनाथ पाठक एवं युवा मोर्चा अध्यक्ष प्रिंस सिंह परमार ने कहा कि कहा कि तिरंगा देशवासियों की आन-बान और शान है, इसे हमें सदैव बरकरार रखना है। देश को आजाद हुए 75 वर्ष हो गए हैं। आजादी के पीछे असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों का बलिदान है, जिसे हमें कभी भूलना नहीं चाहिए। आज देश समृद्धि की ओर बढ़ रहा है। पूरे विश्व की नजर भारत की ओर है।

इस मौके पर अल्पसंख्यक मोर्चा जिलाध्यक्ष परवेज आलम, रामाशंकर पासवान, संतोष साहू, मोहन पोद्दार, कामिनी कंचन, गौतम सिंह राठौड़, प्रियांशु रघुवंशी, अभाविप के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मनीष कुमार, नगर मंत्री अनुभव आनंद, अनुराग केसरी, अमित सावंत एवं समीर आलम सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version