आजाद सिपाही संवाददाता
पटना/ रांची। झारखंड की राजनीति की चर्चित शख्सियत और जमशेदपुर पूर्वी के निर्दलीय विधायक सरयू राय ने जदयू का दामन थाम लिया है और अब वह बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ आ चुके हैं। जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद संजय झा ने रविवार को उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलयी। सरयू राय के जदयू ज्वाइन करने के बाद जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने सोशल मीडिया पर लिखा कि जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ श्री राय का पिछले कई दशकों से व्यक्तिगत संबंध रहा है। मुझे विश्वास है कि उनके आने से झारखंड में पार्टी को मजबूती मिलेगी। इस मौके पर बिहार सरकार के मंत्री और जदयू के झारखंड प्रदेश प्रभारी अशोक चौधरी, मंत्री श्रवण कुमार, राज्यसभा सांसद सह जदयू के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष खीरू महतो, विधान पार्षद संजय गांधी और प्रदेश महासचिव मनीष कुमार मौजूद थे।

सरयू राय बिहार और झारखंड की राजनीति में चर्चित नाम हैं। बहुचर्चित चारा घोटाले से लेकर मधु कोड़ा के लूट कांड तक की लड़ाई को अंजाम तक पहुंचाने वाले सरयू राय 2019 तक भाजपा से जुड़े रहे। वह 2014 से 2019 तक झारखंड में रघुवर दास के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार में खाद्य आपूर्ति और संसदीय कार्य मंत्री भी रहे। इस दौरान कई मुद्दों पर तत्कालीन मुख्यमंत्री रघुवर दास से मतभेद के चलते जब भाजपा ने 2019 में उन्हें टिकट देने से इनकार कर दिया, तो उन्होंने पार्टी छोड़ दी और रघुवर दास के खिलाफ निर्दलीय चुनाव लड़ा। उन्होंने तत्कालीन मुख्यमंत्री को हराया भी। अब जब राज्य 2024 के विधानसभा चुनाव की दहलीज पर है, तो सरयू राय जदयू से हाथ मिलाकर अपनी राजनीति को आगे बढ़ाना चाहते हैं। इसके लिए वह नीतीश कुमार का हर आदेश को मानने को तैयार हैं।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version