भारत और न्यूजीलैंड के बीच 19 नवंबर को होगा दूसरा मुकाबला

आजाद सिपाही संवाददाता
रांची। चार साल के बाद झारखंड में एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का पारा चढ़ेगा। भारत और न्यूजीलैंड सीरीज का एक मैच रांची के जेएससीए स्टेडियम में खेला जायेगा। रांची में टी-20 का यह मैच 19 नवंबर को होगा। बीसीसीआइ ने इस पर सहमति जता दी है। एपेक्स काउंसिल की बैठक में इसे तय किया गया है। न्यूजीलैंड की टीम भारत के दौरे पर नवंबर में आ रही है। इस दौरान वह तीन टी-20 और दो टेस्ट मैच खेलेगी।

पहला टी-20 मुकाबला 17 नवंबर को जयपुर में, दूसरा 19 नवंबर को रांची में और तीसरा 21 नवंबर को कोलकाता में खेला जाना तय हुआ है। कानपुर में पहला टेस्ट मैच 25 नवंबर से 29 नवंबर तक और दूसरा टेस्ट मैच मुंबई में तीन से सात दिसंबर तक खेला जायेगा। गौरतलब है कि जेएससीए में आखिरी टी-20 मैच 2017 में भारत और आॅस्ट्रेलिया के बीच खेला गया था।

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड की सोमवार को 9वीं एपेक्स काउंसिल की मीटिंग हुई। इसमें कई निर्णय लिये गये। 2021-22 का इंटरनेशनल होम सीजन भी तय हुआ। बीसीसीआइ ने भारतीय टीम के आगामी मैचों की जानकारी शेयर की है। इसके मुताबिक जून 2022 तक चार देश भारत का दौरा करेंगे। भारत में जून 2022 तक लगातार क्रिकेट खेली जायेगी। आइसीसी टी-20 विश्वकप के बाद बाद न्यूजीलैंड की टीम भारत दौरे पर आयेगी। नवंबर और दिसंबर में दोनों देशों के बीच टी-20 और टेस्ट मैचों की सीरीज खेली जायेगी। इसके बाद वेस्टइंडीज की टीम भारत का दौरा करेगी। फरवरी 2022 में तीन-तीन मैचों की टी-20 और वनडे सीरीज का आयोजन होगा। फरवरी-मार्च 2022 में श्रीलंका की टीम भारत आयेगी। वह दो टेस्ट और तीन टी 20 मैच खेलेगी। इसके अलावा जून 2022 में साउथ अफ्रीका को भारत दौरे पर आना है। दोनों देशों के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज खेली जायेगी।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version