रांची। झारखंड के 15 लाख रुपये के इनामी माओवादी कारू हुलास यादव को महाराष्ट्र एटीएस ने गिरफ्तार किया है। उसको महाराष्ट्र एटीएस की टीम ने रविवार को पालघर जिले के नालासोपारा थाना क्षेत्र स्थित एक चॉल से गिरफ्तार किया है। वह भाकपा माओवादी संगठन में रीजनल कमेटी का सदस्य है। महाराष्ट्र एटीएस की टीम उससे पूछताछ कर रही है।

इलाज के लिए गया था महाराष्ट्र
कारू हुलास यादव मूल रूप से हजारीबाग जिले के कटकमसांडी थाना क्षेत्र का रहनेवाला है। वह महाराष्ट्र के पालघर जिले में इलाज करवाने के लिए गया था। इसी दौरान इसकी सूचना महाराष्ट्र पुलिस को मिली, जिसके उसे गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद महाराष्ट पुलिस ने झारखंड पुलिस को इसकी जानकारी दी है।

मोस्ट वांटेड है कारू हुलास यादव
झारखंड पुलिस ने कारू हुलास यादव को मोस्ट वांटेड घोषित किया है। इसके बारे में सूचना देनेवाले का नाम गोपनीय रखने और समुचित इनाम देने की भी घोषणा की गयी है।

एकलौता हार्डकोर उग्रवादी
नक्सली कारू यादव का दस्ता चतरा और हजारीबाग के सीमांत इलाके का दस्ता सक्रिय है। सीमांत इलाके में दुर्दांत माओवादियों के मारे जाने और पकड़े जाने के बाद एकलौता हार्डकोर उग्रवादी रह गया है, जो लेवी वसूलने के साथ-साथ पोस्टर चिपका कर लोगों के बीच दहशत फैला रहा था। वह संगठन को भी मजबूत करने की कोशिश कर रहा था। कारू के ऊपर कई थानों में मामले दर्ज हैं।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version