कोल्हान/तांतनगर। मंइयां सम्मान यात्रा की शुरुआत कल्पना सोरेन ने शनिवार को तांतनगर में शहीद गंगाराम कालुंडिया को नमन कर की। इसके बाद मंझारी और कुमारदुंगी प्रखंड में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कल्पना सोरेन ने कहा कि यह धरती हमारे आंदोलनकारी की धरती है, जिन्होंने अंग्रेजों के समय में भी अपनी लड़ाई को लड़ते हुए अपने जल, जंगल जमीन, अपने पेड़, अपने पहाड़, अपने बुरु सबको बचाने के लिए निरंतर संघर्ष किया है। यह कोल्हान की वीर भूमि है। हमारे शहीदों से हमें यह प्रेरणा मिलती है कि कोल्हान कभी झुकता नहीं है। कभी समझौता नहीं करता और कोल्हान कभी किसी से डरता नहीं है। यह सीख, यह प्रेरणा लेकर हम निरंतर आगे बढ़ते रहते हैं। अगर आपको झारखंड मुक्ति मोर्चा की विचारधारा को समझना है, आपको झारखंड के हर एक शहीद सिपाही के बारे में जानना है। झारखंड मुक्ति मोर्चा गरीब, गुरबा लोगों को आगे बढ़ा रहा है। आपके मन में हिम्मत है, साहस है। आपका विश्वास, आपका आत्मविश्वास यह सिखाता है। आप लोगों को पता ही है कि किस तरीके से मेरा सफर रहा है। आज हमारे सामने सांसद मैडम जोबा मांझी खड़ी हैं।
हेमंत चाहते हैं कि सभी महिलाएं स्वावलंबी बनें
आप लोगों के प्यार की वजह से यह सांसद हैं। आप लोगों ने झारखंड मुक्ति मोर्चा पर विश्वास जताया है। हम सभी मिल कर निरंतर लड़ने के लिए तत्पर रहते हैं। आज हम लोग महिला सशक्तिकरण की बात करते हैं। एक दूसरे का उदाहरण देते हैं। आपको जान कर खुशी होगी कि हमारे झारखंड के मुख्यमंत्री ने लाखों महिलाओं को 11000 करोड़ क्रेडिट लिंक्ड से जुड़वाया है, ताकि वे स्वावलंबी हो सकें। वह खुद को मजबूत खड़ा कर सकें। जितनी महिलाएं हैं, उनकी तकलीफों का समाधान करते हुए आगे बढ़ सकें। कल रात्रि चौपाल में भी कुछ महिलाओं ने अपने अनुभवों से हमको अवगत कराया था। हमारे पास जो संपत्ति है, वह हमारा आचरण और यह हमारा खजाना है। मैं बताना चाहूंगी कि निरंतर हेमंत सोरेन हमारे झारखंड के आदिवासियों के लिए और खास करके कोल्हान में हो भाषा को हमारे संविधान की आठवीं अनुसूची में लाने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। हमेशा उनकी लड़ाई रहती है कि जब तक वह हो भाषा को हमारे संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल नहीं करा देते, चैन से नहीं बैठेंगे। मंईयां सम्मान योजना महिलाओं को मजबूत बनाने के लिए लायी गयी है। इस योजना से बीजेपी को बहुत तकलीफ हो रही है। योजना को रोकने के लिए हर प्रकार का प्रयास किया जा रहा है। लेकिन हेमंत सोरेन अकेला दिखता है, अकेला है नहीं।
हेमंत के साथ पूरा राज्य खड़ा है, वे अकेला नहीं हैं
कल्पना सोरेन ने कहा कि राज्य की आधी महिला आबादी समेत पूरा राज्य हेमंत सोरेन जी के साथ खड़ा है। आप लोग बातें सभी की सुनें, लेकिन सही को चुनें। आपके हेमंत सोरेन को बिना सबूत के जेल में डाल दिया गया। पिछले 10 वर्ष से केंद्र में भाजपा सरकार बैठी है। एक लाख 36000 करोड़ नहीं दे रही है। हेमंत सोरेन राज्य को समृद्ध करने में लगे हैं। कल्पना ने कहा कि विपक्षी चाहते हैं कि कोल्हान समझौता करें, लेकिन उन्हें मालूम नहीं कि जब कोल्हान की जनता अंग्रेजों के आगे नहीं झुकी, अंग्रेजों के साथ समझौता नहीं किया, तो बाहरी लोगों को कैसे बर्दाश्त कर सकती है।
मझगांव विधायक निरल पूर्ति ने अपने भाषण में भाजपा की परिवर्तन यात्रा पर वार करते हुए कहा कि आप जानते हैं कि बेईमानों की भी एक यात्रा चल रही है। उन्होंने असम के सीएम हिमंता बिस्वा सरमा पर भी हमला बोला। कहा कि उन्होंने अपने राज्य में चाय बागान में काम करने वाले मजदूरों को आदिवासी का अधिकार नहीं दिया और यहां आकर आदिवासियों के अधिकार की बात करते हैं। केंद्र कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को झारखंड का प्रभारी बनाया है। उनके द्वारा आदिवासी हक की बात कैसे की जा सकती है। मधु कोड़ा को चैलेंज मिल चुका है। हमारे एक दादा भी बीजेपी में शामिल हुए हैं। वहीं कृषि मंत्री दीपिका पांडेय, महिला एवं बाल विकास मंत्री बेबी देवी, सांसद जोबा मांझी, जिला परिषद अध्यक्ष लक्ष्मी सोरेन समेत अन्य मौजूद थे।