पलामू। सीनियर आइपीएस शैलेन्द्र कुमार सिन्हा ने पलामू के 8वें जोनल आइजी का पदभार संभाल लिया। सोमवार को उन्होंने पदभार संभालने के बाद कार्यालय के पदाधिकारियों से परिचय प्राप्त किया। इससे पूर्व शैलेन्द्र कुमार सिन्हा दुमका जोन के आइजी थे। पिछले दिनों उनका तबादला पलामू के जोनल आइजी के पद पर हुआ है, वहीं पलामू के जोनल आइजी आइपीएस सुनील भाष्कर का तबादला बोकारो आइजी के पद पर हुआ है।

पलामू पहुंचने पर जोनल आइजी शैलेन्द्र कुमार सिन्हा को उनके कार्यालय के बाहर गार्ड ऑनर दिया गया। इसके बाद उन्होंने पदभार ग्रहण किया। मौके पर जोनल आइजी ने कहा कि समन्वय बनाकर अपराध और नक्सलवाद के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी। जोनल स्तर पर टीम लीडर होने के कारण सभी पुलिस अधीक्षकों और उनकी टीम के साथ बेहतर समन्वय की जरूरत रहती है। प्रक्षेत्र में अच्छा प्रशासन मिले, यह प्रयास होगा। संसाधनों के आधार पर कार्य किया जायेगा। दशहरा एवं बिहार चुनाव को लेकर पुलिस तैयारी कर रही है। बिहार चुनाव को देखते हुए सीमावर्ती जिले में मंगलवार को बैठक होगी। चुनाव के दौरान बिहार प्रशासन को हरसंभव मदद की जायेगी।

उल्लेखनीय है कि जोनल आइजी शैलेन्द्र कुमार सिन्हा के 8वें आइजी के रूप में योगदान देने से पहले पलामू जोन में अबतक सीनियर आइपीएस दीपक वर्मा, एमएस भाटिया, आरके मल्लिक, ए नटराजन, राजकुमार लकड़ा, नरेन्द्र कुमार सिंह एवं सुनील भाष्कर आइजी रह चुके हैं। 2016 से 2024 तक पलामू के जोनल आइजी पद को समाप्त कर दिया गया था। हालांकि बाद में फिर से सक्रिय किया गया। पलामू जोन में पलामू, गढवा एवं लातेहार जिला शामिल है। पलामू जोन की सीमा एक तरफ से छतीसगढ तो एक तरफ से बिहार और उतर प्रदेश से सटी हुई है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version