हाथरस (Hathras) में दलित युवती के साथ हुए गैंपरेप का मामला अभी थमा भी नहीं था कि बिहार के बक्सर से एक और दलित महिला के साथ बलात्कार की घटना सामने आई है।
बताया जा रहा है कि यह दलित महिला अपने 5 साल के बच्चे के साथ बैंक गई थीं। लौटते समय उनके साथ रास्ते में कुछ लोगों ने उसके साथ सामूहिक बलात्कार किया। बलात्कार करने के बाद अपराधियों ने उसके 5 साल के बच्चे को नदी में फेंक दिया। बच्चे को नहर में फेंके जाने से उसकी मौत हो गई है। जबकि महिला का अभी एक अस्पताल में इलाज चल रहा है।
वहीँ, इस मामले में अब पुलिसिया कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं। पीड़ित महिला ने इस मामले में 7 लोगों को आरोपी बताया है। पुलिस अभी तक इन सातों में से केवल 1 आरोपी को गिरफ्तार कर पाई है। इस बारे में पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों में से केवल 2 आरोपियों की ही पहचान हो पाई है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार सामूहिक बलात्कार करने के बाद आरोपी पीड़ित महिला को झाड़ियों में फेंक कर भाग गए थे। जब लोगों ने रास्ते से गुजरते हुए महिला को देखा तो वहां भीड़ जमा हो गई। इसके बाद, स्थानीय लोगों ने ही महिला के परिजनों को इस बात की जानकारी दी।
इस बारे में जब पुलिस को जानकारी मिली पुलिस ने मौके पर पहुंच कर महिला को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। महिला पहले काफी घंटों तक बेहोश रही। जब उसे होश आया तब उसका मेडिकल टेस्ट कराया गया और उसने पुलिस को बयान दिया। वहीँ, पुलिस ने पीड़ित महिला के बच्चे का भी पोस्टमार्टम कराया है।