रांची। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए सोमवार को हुए मतदान में झारखंड के कांग्रेसियों में भी जोरदार उत्साह दिखा। प्रदेश कांग्रेस के 319 डेलीगेट्स में से 300 ने अपने मताधिकारा का प्रयोग किया। उत्तराखंड की प्रभारी और विधायक दीपिका पांडेय सिंह ने दिल्ली में अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इसके अलावे सांसद धीरज साहू और पूर्व सांसद तथा प्रदेश अध्यक्ष रहे डॉ अजय कुमार ने भी दिल्ली में अपने अपने वोट डाले। सूचना के मुताबिक शेष 19 डेलीगेट्स ने भी रांची से बाहर वोटिंग की है।

सुबह से ही शुरू थी गहमागहमी
चुनाव के दौरान प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में सुबह से ही गहमागहमी बनी रही थी। विधायक दल के नेता और मंत्री आलमागीर आलम, प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर समेत प्रदेश के तमाम नेता लगातार पार्टी कार्यालय में मोर्चा संभाले दिखे। निर्धारित समय के मुताबिक प्रदेश डेलीगेट्स सुबह 10 बजे से पार्टी कार्यालय में वोट देने को पहुंचने लगे थे। शाम 4 बजे तक वोटिंग प्रक्रिया चली। मतदान करने को प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सभी डेलीगेट्स को दूरभाष के माध्यम से सभी जरूरी जानकारी पहले ही उपलब्ध करा दी गयी थी। मतदान के दौरान पीआरओ प्रकाश जोशी, एपीआरओ भवेश चौधरी एवं जितेंद्र कसाना पार्टी कार्यालय में मौजूद रहे। उनकी निगरानी में ही सारी प्रक्रिया अपनायी गयी।

खड़गे और थरूर के लिए लॉबी
गौरतलब है कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए आज हुए चुनाव में मल्लिकार्जुन खड़गे और सांसद शशि थरूर के बीच मुकाबला है। मल्लिकार्जुन खड़गे का चुनाव अभिकर्ता के रूप में केशव महतो कमलेश, अशोक चौधरी, संजय लाल पासवान, रमा खलखो एवं शशि थरूर का चुनाव अभिकर्ता के रूप में आदित्यविक्रम जायसवाल, भूवनेश ठाकुर, डीके सिंह, अमरजीत कुमार नियुक्त किए गए थे। अब सबकी नजर 19 अक्टूबर को जारी होने वाले चुनाव परिणामों पर टिकी है।

 

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version