-कांग्रेस पर किया हमला, जनता और कार्यकर्ताओं का किया धन्यवाद
आजाद सिपाही संवाददाता
नयी दिल्ली। हरियाणा और जम्मू-कश्मीर चुनाव के रिजल्ट आने के बाद मंगलवार को भाजपा ने दिल्ली स्थित अपने पार्टी मुख्यालय में आभार कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल हुए। इस मौके पर उन्होंने कांग्रेस पर जम कर निशाना साधा और जनता और कार्यकर्ताओं के प्रति आभार प्रकट किया। मोदी ने कहा कि हरियाणा के लोगों ने कमाल कर दिया है। जनता के सामने कांग्रेस की पोल खुल चुकी है। उनका डिब्बा गोल हो गया है। मोदी ने कहा कि हरियाणा में गीता की धरती पर सत्य की जीत हुई है। जम्मू-कश्मीर में दशकों के इंतजार के बाद पहली बार शांतिपूर्ण चुनाव हुए। ये भारत के संविधान की जीत है, भारत के लोकतंत्र की जीत है। उन्होंने कहा कि आज नवरात्रि का छठा दिन है, मां कात्यायनी की आराधना का दिन है। मां कात्यायनी शेर पर विराजमान होकर हाथ में कमल को धारण किये हुए हम सभी को आशीर्वाद दे रही हैं। ऐसे पावन दिन हरियाणा में तीसरी बार कमल खिला है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस सत्ता को अपना अधिकार मानती है, वो सत्ता में न रहने पर बिन पानी मछली की छटपटाती है। आज पूरा देश देख रहा है कि कांग्रेस सत्ता में न आने पर जाति का जहर बोने में लगी हैं। जो लोग चांदी नहीं सोने का चम्मच लेकर पैदा हुए, कांग्रेस का परिवार दलितों, पिछड़ों और आदिवासियों से नफरत करता है, इनसे चिढ़ता है। आज जब दलित, पिछड़े ऊपर बढ़ रहा है तो इनके पेट में दर्द होता है। मोदी ने चुनावी नतीजों के बाद भारत माता की जय, शंखनाद से भाषण की शुरूआत की। हमने सबने सुना है, जहां दूध-दही का खाना, वैसा है हमारा हरियाणा। ये भारत के संविधान की जीत है, ये भारत के लोकतंत्र की जीत है। उन्होंने कहा कि हरियाणा की ये जीत हमारे नम्र-विनम्र मुख्यमंत्री की जीत है। इस बार हरियाणा के लोगों ने जो किया वो पहले कभी नहीं हुआ। ये पहली बार हुआ है कि पहले दो कार्यकाल 5-5 साल पूरे करने के बाद यहां लोगों ने भाजपा को तीसरी बार मौका दिया। इस बार हरियाणा के लोगों ने हमें छप्पर फाड़ के वोट दिया, हमें हरियाणा ने इस बार सीटें भी ज्यादा दी है। हरियाणा ने देश भक्तों को बांटने की साजिश को फेल कर दिया। इस मौके पर भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत अन्य नेतागण मौजूद थे।
इससे पहले मोदी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर आभार जताया। प्रधानमंत्री पोस्ट किया कि भाजपा को एक बार फिर स्पष्ट बहुमत देने के लिए मैं हरियाणा की जनशक्ति को नमन करता हूं। यह विकास और सुशासन की राजनीति की जीत है। मैं यहां के लोगों को विश्वास दिलाता हूं कि उनकी आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए हम कोई कोर-कसर नहीं छोड़ेंगे। इस महाविजय के लिए अथक परिश्रम और पूरे समर्पण भाव से काम करने वाले अपने सभी कार्यकर्ता साथियों को भी मेरी बहुत-बहुत बधाई! आपने ना केवल राज्य की जनता-जनार्दन की भरपूर सेवा की है, बल्कि विकास के हमारे एजेंडे को भी उन तक पहुंचाया है। इसी का नतीजा है कि भाजपा को हरियाणा में यह ऐतिहासिक जीत हासिल हुई है।