पूर्वी सिंहभूम। बिरसानगर थाना क्षेत्र के हुरलूंग में घाटशिला को जोड़ने वाले नए पुल के समीप शनिवार की रात एक भीषण सड़क हादसे में टाटा स्टील के वायर रॉड मिल विभाग के क्रेन ऑपरेटर प्रमोद कुमार सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जाता है कि घटना उस वक्त हुई जब एक आर्टिगा कार अनियंत्रित होकर पलट गई। कार में कुल छह लोग सवार थे, जिनमें टाटा स्टील के कई कर्मचारी शामिल थे। दुर्घटना में अन्य सभी कर्मी घायल हो गए हैं, जिन्हें टाटा मेन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।

घटना में घायल कर्मियों में उमा शंकर नोनिया (47), नंदू यादव (50), परीक्षित बेनुधर (28), जय बनर्जी (50), और बिनेश टूडू (33) शामिल हैं। सभी का इलाज जारी है, जबकि 57 वर्षीय प्रमोद कुमार सिंह की मौत हो चुकी है।

जानकारी के अनुसार, सभी कर्मी अपने एक सहकर्मी के जुड़वा बच्चे के जन्म की खुशी में पार्टी मनाने हाईवे गए थे। मृतक प्रमोद कुमार सिंह और उनके साथ बैठे कमेटी मेंबर आर.के. सिंह का दो दिन पहले ही विभागीय प्रमोशन हुआ था। पार्टी में शामिल होने के बावजूद प्रमोद ने शराब या मांसाहार का सेवन नहीं किया था। लौटते वक्त कार का शीशा खुला था और तेज रफ्तार के कारण वाहन नियंत्रण खो बैठा। पलटने के दौरान प्रमोद के सिर में गंभीर चोट लगी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद आसपास के लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे अन्य कर्मियों को बाहर निकाला। आर.के. सिंह को शीशा तोड़कर और सीट बेल्ट काटकर निकाला गया। सभी घायलों को पुलिस ने एम्बुलेंस की मदद से टाटा मेन अस्पताल पहुंचाया। कार टाटा स्टील के ही कर्मचारी अमित सिंह की थी, जो हादसे में सुरक्षित हैं।

मृतक प्रमोद कुमार सिंह बारीडीह के भूषण नगर के रहने वाले थे। उनकी मौत की खबर मिलते ही सहकर्मियों और परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई। सुबह-सुबह बड़ी संख्या में सहकर्मी अस्पताल पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version