रांची : लालपुर इलाके में बन रहे एक मॉल का मामला रांची नगर निगम के गले की हड्डी बन गया है।
सूचना के अधिकार से इस बात का खुलासा हुआ है कि इस भवन का विधिवत नक्शा पास नहीं किया गया है।
अब लोग सोशल मीडिया पर यह सवाल उठा रहे हैं कि इतनी बड़ी इमारत सबकी आंखों के सामने कैसे
गलत तरीके से खड़ी कर ली गयी।
भवन प्लान संख्या 101/2013 यहां के एक बड़े बिल्डर नरेंद्र बुटाला के नाम पर है। जन सूचना अधिकारी ने एक आवेदन के उत्तर में यह जानकारी दी है कि इस पर नक्शा पास नहीं है।
आगे यह भी बताया गया है कि इस निर्माण के मामले की जांच चल रही है।
पूरे शहर में अतिक्रमण और अवैध निर्माण के अभियान के तहत अनेक भवनों को तोड़ने में जुटे नगर
निगम के लोगों के लिए यह बताना अब मुश्किल हो रहा है। एक बहुमंजिली इमारत का निर्माण लगातार
वहां होता रहा और निगम के लोगों ने इसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की, यह अपने आप में कई
सवाल खड़े करता है।
लालपुर का मामला अब सोशल मीडिया पर
सोशल मीडिया पर लोगों ने इसके लिए रांची के विधायक और राज्य के नगर विकास मंत्री सीपी
सिंह को भी निशाने पर लेते हुए उनसे सवाल पूछे हैं। यह सवाल उठाया गया है कि आम तौर पर
सामान्य लोगों की भवनों के अतिक्रमण की जांच के लिए नगर निगम के लोग तो तुरंत ही पहुंच जाते हैं।
इतने बड़े निर्माण के मामले में ऐसी चूक कैसे हुई और पहले भी नक्शा विचलन के कई मामलों में फंस
चुके बिल्डर को फिर से ऐसा करने की छूट किसके इशारे पर दी गयी है।