जमशेदपुर। सीएम रघुवर दास ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार का सपना है कि इज आॅफ लाइफ के तहत जनता तक सीधे सुविधा पहुंचे। उसी निमित जमशेदपुर शहरी गैस पाइप लाइन आपूर्ति योजना का शुभारंभ हुआ। यह योजना गांव तक जायेगी, जिस तरह लोगों को घरों में नल के माध्यम से शुद्ध पेयजल की आपूर्ति की जाती है। उस तरह गैस की आपूर्ति को भी सुनिश्चित करने की परिकल्पना अब यथार्थ रूप ले रही है। इससे पूर्व रांची में योजना का शुभारंभ हो चुका है। आने वाले दिनों में सिलेंडर की जरूरत लोगों को नहीं होगी। क्योंकि घर-घर पाइपलाइन के माध्यम से गैस की आपूर्ति को सुनिश्चित करेंगे। मुख्यमंत्री जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित गोपाल मैदान में शहरी गैस वितरण परियोजना के उद्घाटन, पुरुलिया-जमशेदपुर नेचुरल गैस पाइपलाइन योजना के कार्य प्रारंभ एवं बरही स्थित एचपीसीएल एलपीजी बॉटलिंग प्लांट के शिलान्यास कार्यक्रम में बोल रहे थे। सीएम ने कहा कि झारखंड देश का पहला ऐसा राज्य है, जो योजना के तहत चूल्हा और रिफिल भी मुफ्त उपलब्ध कराता है। केंद्र और राज्य सरकार से यहां के लोगों को डबल फायदा मिल रहा है। राज्य के 35 किसान भी डबल फायदा से आच्छादित हैं।

पूर्वी भारत को बदलने का संकल्प: अर्जुन मुंडा
केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि केंद्र सरकार ने पूर्वी भारत को बदलने का संकल्प लिया है। 2019 से 2024 का संकल्प नये भारत गढ़ने का है। हम सब मिलकर इस संकल्प को पूरा करेंगे। गैस पाइपलाइन के माध्यम से जमशेदपुर के मानगो, सोनारी क्षेत्र में लोगों को गैस उपलब्ध होगा। हर क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण कार्य किये जा रहे हैं।

जमशेदपुर रो आधुनिक बनाने की कोशिश: धर्मेंद्र
केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि जमशेदपुर की पहचान औद्योगिक केंद्र के रूप में है। सरकार ने इसे और आधुनिक बनाने का प्रयास किया है। आज पाइपलाइन के माध्यम से घरेलू ईंधन पहुंचाने का शुभारंभ हुआ। पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला में भी गैस पाइपलाइन के माध्यम से गैस की आपूर्ति की जायेगी।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version