गढ़वा/रंका। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने विधानसभा के पहले चरण के चुनाव के लिए धुआंधार प्रचार अभियान रविवार को भी जारी रखा। उन्होंने गढ़वा और रंका में चुनावी सभाओं को संबोधित करते हुए झामुमो और कांग्रेस पर करारा प्रहार किया। उन्होंने झामुमो नेता हेमंत सोरेन को भी निशाने पर लिया।
रघुवर दास ने कहा कि झामुमो और कांग्रेस ने झारखंड को अपना चारागाह बना दिया था। यहां की संपदा को लूट कर ये दोनों पार्टियां मालामाल होती रहीं और इनके नेता अपना घर भरते रहे। आदिवासियों के नाम पर राजनीति करने वाला झारखंड मुक्ति मोर्चा सिर्फ मुद्रा मोचन पार्टी बनकर रह गयी है। आदिवासियों और गरीबों के नाम पर राजनीति करने वाले पार्टी के लोगों ने सिर्फ अपना विकास किया। मिलावटी और खिचड़ी सरकार की वजह से झारखंड 2014 से पूर्व बदनाम रहा। अब यह दाग धुल चुका है।
रघुवर ने कहा कि जिस तरह मिलावटी खाना सेहत के लिए नुकसानदेह होता है, उस तरह मिलावटी सरकार भी राज्य के लिए नुकसानदेह साबित होगी। रघुवर दास ने कहा कि वोट बैंक की लालच में कांग्रेस ने दशकों तक राम मंदिर का मामला लटका कर रखा। भाजपा ने इस मुद्दे को गंभीरता से लिया और सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद अब मंदिर निर्माण का रास्ता प्रशस्त हो गया है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version