रांची। मौसम में अगले तीन दिनों तक कोई बदलाव नजर नहीं आने वाला है। तीन दिनों तक मौसम का मिजाज सामान्य ही रहेगा। शुक्रवार सुबह ग्रामीण क्षेत्रों में तो हल्का कुहासा देखा गया, लेकिन शहरी इलाकों में सुबह से ही मौसम साफ रहा। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों में सुबह में घना कोहरा रहने की संभावना है। इसके बाद पूरे दिन मौसम साफ ही रहेगा। मौसम विभाग के पुर्वानुमान में कहा गया कि बंगाल की खाड़ी में बन रहे चक्रवातीय तूफान बुरेवी का असर झारखंड पर नहीं पड़ेगा। मौसम विज्ञान केंद्र रांची के मुताबिक पूर्वी उत्तरप्रदेश और उससे सटे बिहार के इलाकों के ऊपर एक चक्रवातीय हवा का क्षेत्र बना हुआ है, जिससे वायुमंडल में आर्द्रता आ रही है। इससे रात में तापमान में आंशिक वृद्धि की संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक 5 दिसंबर से 7 दिसंबर तक सुबह में कोहरा या धुंध छाया रहेगा। बताया गया कि 7 दिसंबर से पूरे राज्य में पारा गिरेगा और ठंड बढ़ेगी। उत्तर-पश्चिम के हिस्से में बर्फबारी और बारिश हो रही है। इसी वजह से अगले तीन दिनों के बाद रांची में इसका असर दिखेगा।
ठंडी हवाएं चलेंगी, जिससे पारा गिरेगा। भारतीय मौसम विज्ञान केंद्र रांची के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि नॉर्थ वेस्ट का असर झारखंड पर पड़ने वाला है। अभी तक वैसी ठंड नहीं पड़ी है, जो कड़ाके की हो। दो-तीन दिनों बाद न्यूनतम तापमान सात से आठ डिग्री तक पहुंच सकता है। इस वजह से कनकनी के साथ ठंडी हवा भी चलेगी।
कनकनी बढ़ी, दो दिन बाद गिरेगा पारा, बढ़ेगी ठंड
Previous Articleरिम्स निदेशक ने राज्यपाल से की मुलाकात
Next Article दिनेश गोप को पकड़वायें 25 लाख का इनाम पायें