बरहेट। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन आज विभिन्न योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करने बरहेट के भोगनाडीह पहुंचे। यहां उन्होंने परिसंपत्तियों का वितरण भी किया। बता दें कि ये योजनाएं क्षेत्र के हर वर्ग को प्रगति की मुख्यधारा से जोड़ने में अहम भूमिका निभायेंगी। इस दौरान सीएम हेमंत सोरेन ने बरहेट की जनता का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें संबोधित किया। अपने संबोधन में सीएम ने कहा कि हम लोगों ने राज्य की 50 लाख महिलाओं के खाते में हर माह 1000 रुपये पहुंचाने का काम किया। आज जहां देश में महंगाई आसमान छू रही है, दिन-ब-दिन हमारे आय की बढ़ोत्तरी नहीं हो पा रही।

ऐसे में महिलाएं नया रोजगार शुरू कर पायें और उन्हें इस महंगाई से राहत मिल पाये। इसे लेकर हमने महिलाओं के खातों में 1000-1000 रुपये डालने का काम किया। चुनाव प्रचार के दौरान भी हमने लगातार विकास कार्यों को जारी रखने के लिए आपसे सरकार को दोबारा मौका देने का आग्रह किया। आप लोगों ने भी फिर से अपने राज्य को हौसला देने और एकता को चुनने का काम किया। इस कारण अब राज्य के सर्वांगीण विकास की गति रुकेगी नहीं, बल्कि तेज गति से आगे बढ़ेगी। सीएम ने आगे कहा कि देश आजाद होने के बाद पहली बार किसी राज्य की महिलाओं को इतनी बड़ी राशि दी जा रही है। जबकि झारखंड देश का सबसे गरीब राज्य है। यहां सबसे ज्यादा बेरोजगारी है। यह राज्य पलायन का दंश भी झेल रहा है। हमारे खनिज संपदा से देश जगमगाता है। लेकिन हमारे आदिवासी-मूलवासी के जीवन स्तर में कोई अंतर नहीं देखने को मिलता है।

हमने ये संकल्प लिया है कि इस कलंक को मिटाने का काम करेंगे। झारखंड में हो रहे महिला सशक्तिकरण के कार्यों को पूरा देश देख रहा है। इसलिए अब दोबारा सरकार आपके द्वार का कैंप लगेगा और हम विकास की गठरी आपके द्वार तक ले जाने का काम करेंगे। दिशोम गुरू शिबू सोरेन के लंबे संघर्ष के बाद हमें झारखंड राज्य मिला। इसलिए चुनौती बहुत बड़ी है। यह राज्य हमलोग ले सकते हैं। यहां हम सरकार बना सकते हैं, तो हम इस राज्य का सर्वांगीण विकास भी कर सकते हैं। आपलोगों ने जो आशीर्वाद हमें दिया है, जो विश्वास हम पर जताया है। उसे हम टूटने नहीं देंगे। बस आपसे एक अपील है कि आप सरकार के साथ खड़े रहें और सरकार की योजनाओं पर भरोसा दिखाएं।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version