झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार अभियान गति पकड़ चुकी है। पहले ही चरण के चुनाव प्रचार अभियान में भाजपा ने बह्मास्त्र छोड़ दिया है। एक ओर जहां भाजपा की ओर से पीएम नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री और भाजपा के राष्टÑीय अध्यक्ष अमित शाह, कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा, नितिन गडकरी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री स्मृति इरानी और भोजपुरी स्टार रवि किशन सभा कर चुके हैं। वहीं, दूसरी ओर विपक्ष अब तक अपने राज्य के नेताओं के भरोसे ही प्रचार अभियान में सिमटा है। तल्ख सच्चाई है कि राष्टÑीय पार्टी कांग्रेस के स्टार प्रचारकों का अब तक पता नहीं है। सोनिया गांधी और राहुल गांधी को बुलाये जाने की बात तो कही जा रही थी, पर सच्चाई यही है कि प्रथम चरण के चुनाव में न सोनिया के आने की सूचना है और न ही राहुल के। इसका सीधा-सीधा असर कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर पड़ रहा है। राजद के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव जेल में हैं। तेजस्वी यादव अब तक प्रचार के लिए झारखंड नहीं आये हैं। झामुमो में अकेले हेमेत सोरेन पर मोर्चा संभाल रहे हैं। अब तक गठबंधन के नेता कही एक मंच पर नहीं जुट सके हैं। सब अलग-अलग गदा भांज रहे हैं। पेश है राजनीतिक दलों के प्रचार वार को फोकस करती दीपेश कुमार की रिपोर्ट।
Browsing: स्पेशल रिपोर्ट
वाटरलू की लड़ाई वर्ष 1815 में लड़ी गयी थी। इसमें एक तरफ फ्रांस था तो दूसरी ओर ब्रिटेन, रूस, प्रशा, आॅस्ट्रिया और हंगरी की सेना थी। इस लड़ाई में मिली हार ने नेपोलियन का चैप्टर हमेशा के लिए क्लोज कर दिया था। इस लड़ाई की तरह झारखंड विधानसभा चुनाव में पहले चरण की 13 सीटों मेें से कई सीटें ऐसी हैं, जिनमें मुकाबला कमोबेश वाटरलू की लड़ाई की तरह ही है। इन सीटों में लोहरदगा, विश्रामपुर और भवनाथपुर जैसी सीटें शामिल हैं। इन सीटों पर मिलनेवाली हार-जीत कई प्रत्याशियों का राजनीतिक भविष्य तय करेगी। इस चुनाव का नतीजा भविष्य के गर्भ में है और यह देखना दिलचस्प होगा कि मुकाबले में किसकी नियति में नेपोलियन बनना लिखा है और किसके हिस्से में विजयश्री। झारखंड विधानसभा की 13 सीटों में से मुख्य सीटों पर कड़े मुकाबले और उनके संभावित असर पर नजर डालती दयानंद राय की रिपोर्ट।
तिर्की की संपत्ति 1 लाख 12 हजार 121 प्रतिशत बढ़ गयी थी दो चुनावों के बीच
झारखंड की राजनीति में अटूट गठबंधन माने जानेवाले आजसू और भाजपा का रिश्ता भले ही टूट चुका हो और दोनों फ्रेंडली फाइट में उतर गये हैं, लेकिन अब तक का मुकाबला यही बता रहा है कि दोनों दल एक ही लक्ष्य को लेकर चल रहे हैं और दोनों एक-दूसरे को कठघरे में खड़ा करने से बच रहे हैं। राजनीति और चुनाव में अक्सर फ्रेंडली फाइट को बड़े ही कौतूहल भरी नजर से देखा जाता है और पूछा जाता है कि जब फाइट होगी, तो वह फ्रेंडली कैसे हो सकती है। इस बार झारखंड में भाजपा और आजसू इस फ्रेंडली फाइट का मतलब समझाने में लगी हैं। दोनों दल जहां एक-दूसरे के खिलाफ बोलने से बच रहे हैं, वहीं दोनों अपनी ताकत बढ़ाने में लगे हुए हैं। भाजपा और आजसू के बीच दोस्ताना संघर्ष के बारे में दयानंद राय की खास रिपोर्ट।
जरूरतें व्यक्ति को बदल देती हैं और प्लेटफॉर्म यदि राजनीति का हो, तो यहां कुछ भी असंभव नहीं है। यह झारखंड की राजनीति में बदलते समीकरणों का ही कमाल है कि यहां दो धुर विरोधी दल बदलने के बाद राजनीति का अपना तेवर और सुर दोनों बदल चुके हैं। ये सभी नयी भूमिका में नजर आ रहे हैं। बरही विधायक मनोज यादव जब तक कांग्रेस में थे, तो पानी पी-पीकर भाजपा की नीतियों को कोसते थे, आज वह उसी भाजपा के टिकट पर चुनाव के मैदान में हैं और कांग्रेस को कोस रहे हैं। वहीं भाजपा के उमाशंकर यादव अब कांग्रेस में हैं, तो उनके सुर बदल गये हैं। कभी खांटी कांग्रेसी रहे सुखदेव भगत अब भाजपा में आने के बाद कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डॉ रामेश्वर उरांव से दो-दो हाथ करने के साथ नीरू शांति भगत के खिलाफ भी ताल ठोक रहे हैं। वहीं पाकुड़ के अकील अख्तर, जो जब तक झामुमो में रहे, तब तक कट्टर भाजपा विरोधी रहे, लेकिन अब आजसू में आने के बाद और पार्टी का प्रत्याशी बनाये जाने के बाद उनकी भाषा पूरी तरह बदल चुकी है। चुनाव के मैदान में आमने-सामने होने के बाद नीरा यादव और शालिनी गुप्ता भी बदले और आक्रामक तेवर के साथ एक दूसरे के खिलाफ बयानबाजी कर रही हैं। झारखंड की राजनीति में दलबदल करके आये नेताओं और दलों का रवैया यह दर्शाता है कि यहां न तो कोई दुश्मन होता है और न कोई दोस्त। यह जरुरतें होती हैं जो विभिन्न दलों को एक-दूसरे का दोस्त बनने या फिर दुश्मन का लाबादा ओढ़े रहने पर विवश करती हैं। झारखंड की राजनीति में पाला बदलने के बाद नेताओं के बदले बोल और उसके कारणों की पड़ताल करती दयानंद राय की रिपोर्ट।
जब कुछ ऐसा घटित हो, जिसकी प्रत्याशा न की गयी हो, तो वह निश्चित तौर पर चौंकाऊ होता है। वर्ष 2019 का विधानसभा चुनाव तो कई अर्थों में चौंकाऊ चुनाव साबित हो रहा है। इस चुनाव का सबसे चौंकानेवाला पक्ष मुख्यमंत्री रघुवर दास के खिलाफ उनकी ही सरकार में मंत्री रह चुके और अब निर्दलीय सरयू राय का मैदान में ताल ठोंककर उतरना है। यह ऐसी अप्रत्याशित स्थिति है, जिसके बारे में न तो कभी भाजपा ने सोचा था, न राजनीति के पंडितों को इसका भान था। इसी तरह भाजपा और आजसू के लगभग अटूट माने जानेवाले गठबंधन का टूटना भी कुछ कम चौंकाऊ नहीं रहा, क्योकि इन दोनों का सफर ‘ये दोस्ती हम नहीं तोड़ेंगे’ वाले अंदाज में चला आ रहा था। झाविमो सुप्रीमो बाबूलाल मरांडी का भी अकेले 81 सीटों पर उम्मीदवार उतारने का साहस भी कम अप्रत्याशित नहीं। इसी कड़ी में नक्सली से नेता बनने के ख्वाहिशमंद कुंदन पाहन का तमाड़ से विधानसभा चुनाव में उतरने की खबर ने चौंकाया है। झारखंड विधानसभा चुनाव में अप्रत्याशित स्थितियों और उसके नतीजों को रेखांकित करती दयानंद राय की रिपोर्ट।
पांच विधायक और पांच बड़े राजनीतिक चेहरे हैं मैदान में
अकील अख्तर, चुन्नू खान, प्रदीप बलमुचू और वर्षा गाड़ी के आने से आजसू उत्साहित
नवंबर-दिसंबर के इस सर्द मौसम में झारखंड में जिस सियासी अखाड़े की गर्मी सबसे ज्यादा महसूस की जायेगी, वह है जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा सीट। झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास लगातार पांच चुनावों से इस सीट पर अजेय हैं। उन्हीं पहले चुनाव में मात्र 11 सौ मतों से विजयी होनेवाले रघुवर ने 2014 के चुनाव में जीत का यह अंतर 70 हजार तक पहुंचा दिया। इस बार उन्हीं के मंत्रिमंडल में शामिल रहे सरयू राय उनके अभेद्य किले को भेदने का मंसूबा लेकर जंग में कूद पड़े हैं। झारखंड की सियासत की इन दो कद्दावर शख्सियतों की लड़ाई में कितने रंग दिखेंगे, आरोप-प्रत्यारोप के कितने तीर चलेंगे और कौन-कौन से दांव आजमाये जायेंगे, इस पर तमाम राजनीतिक विश्लेषकों की निगाहें रहेंगी। उधर कांग्रेस ने इस सीट पर अपने राष्टÑीय प्रवक्ता गौरव वल्लभ को उतारा है, जो अपने चुटीले अंदाज को लेकर पिछले छह-आठ महीनों से अचानक राष्टÑीय मीडिया की सुर्खियों में छाये रहे हैं। गौरव वल्लभ मुकाबले का तीसरा लेकिन दिलचस्प कोण होंगे। इस सीट पर जंग का रिजल्ट आखिरकार क्या होगा, यह भविष्य के गर्भ में है, पर यहां सियासत के कितने रंग दिखेंगे, इसकी पड़ताल करती दयानंद राय की रिपोर्ट।
चुनाव से पहले लगभग हरेक पार्टी के लिए टिकट का बंटवारा विकट परिस्थितियां उत्पन्न करता है। ऐसे नेता, जो पार्टी की नीतियों और सिद्धांतों से इतर सिर्फ टिकट की आस में पार्टी में रहते हैं, टिकट के बंटवारे की घोषणा होते ही अपना नाम इस सूची से गायब देखकर पाला बदल लेते हैं और दूसरी पार्टियों की नैया में सवार हो जाते हैं। पर जो नेता अवसरवादी नहीं होते वे पार्टी के निर्णय को सर्वोपरि मानकर पार्टी में रह जाते हैं। आसन्न विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने अपने 10 विधायकों, शिवशंकर उरांव, विमला प्रधान, राधाकृष्ण किशोर, हरेकृष्ण सिंह, फूलचंद मंडल, जयप्रकाश सिंह भोक्ता, ताला मरांडी, गणेश गंझू, लक्ष्मण टुडू और गंगोत्री कुजूर का टिकट काट दिया है। इसके बाद तीन विधायक राधाकृष्ण किशोर, फूलचंद मंडल और ताला मरांडी बागी रुख अख्तियार कर चुके हैं और उन्होंने दूसरे दलों से चुनाव लड़ने की घोषणा भी कर दी है। उनके अलावा दो विधायकों, कांके के डॉ जीतू चरण राम का टिकट पार्टी ने अब तक रोक रखा है। इसके कारण सरयू राय बगावत पर उतर आये हैं और उन्होंने मुख्यमंत्री रघुवर दास और जमशेदपुर पश्चिमी से निर्दलीय चुनाव लड़ने की घोषणा कर दी है। कई अन्य नेता, जो टिकट की आस में पार्टी में थे, वे इसकी संभावना खत्म होते देख दूसरे दलों में जा चुके हैं। ऐसी स्थिति ने भाजपा के समक्ष आत्ममंथन का अवसर पैदा किया है। यह पार्टी के केंद्रीय और राज्य नेतृत्व के लिए सबक है। यह चेतावनी है कि वह जब भी किसी नेता को पार्टी में शामिल कराये, तो वह अवसरवादी है कि नहीं और उसकी निष्ठा पार्टी की नीतियों और सिद्धांतों के प्रति है कि नहीं, इसका ध्यान रखे। भाजपा में बागी नेताओं की सियासत के बहाने पार्टी के लिए आत्ममंथन की जरूरत और भविष्य में ठोक-बजाकर दूसरे दलों से आये नेताओं को पार्टी में शामिल कराने की अहमियत पर बल देती दयानंद राय की रिपोर्ट।
झारखंड में राजनीतिक पुरुषों का जेल से गहरा नाता रहा है। काली कोठरी ने जहां कई नेताओं के राजनीतिक करियर को चमक दी है, वहीं कई ऐसे नेता हैं, जिन्होंने जेल यात्रा के बाद सियासत के क्षितिज पर अवसान भी देखे हैं। इस विधानसभा चुनाव में भी कई क्षेत्रों के चुनावी खेल में जेल का फैक्टर बेहद अहम साबित होगा। जेल में बंद हार्डकोर नक्सली कमांडर कुंदन पाहन ने कोर्ट से चुनाव लड़ने की इजाजत मांगी है, जबकि तमाड़ के विधायक रहे रमेश सिंह मुंडा की हत्या के आरोप में जेल में बंद पूर्व मंत्री एवं पूर्व विधायक राजा पीटर को एनआइए कोर्ट ने चुनाव लड़ने की इजाजत दे दी है। अगर कुंदन पाहन को इजाजत मिल गयी, तो तमाड़ विधानसभा क्षेत्र एक साथ दो जेलबंदियों के सियासी टकराव का उदाहरण बनेगा। इधर राष्ट्रीय खेल घोटाले में जेल में बंद पूर्व मंत्री और विधायक बंधु तिर्की ने अदालत में बेल पिटीशन दायर की है। बेल मिले या ना मिले, उनका मांडर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ना तय माना जा रहा है। चारा घोटाला में झारखंड में जेल की सजा काट रहे राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद का भी झारखंड की चुनावी हलचल से पल-पल का नाता रहेगा। बड़कागांव के पूर्व कांग्रेस विधायक योगेंद्र साव और झरिया के भाजपा विधायक संजीव सिंह जेल में बंद रहने के बावजूद चुनावी समीकरणों की अहम धुरी रहेंगे। हाल में जेल से निकले झारखंड विकास मोर्चा के विधायक प्रदीप यादव और पूर्व भाजपा विधायक उमाशंकर यादव अकेला चुनावी अखाड़े में जोर-आजमाइश के लिए कमर कस चुके हैं, तो कालकोठरी की सजा काटकर रिहा हुए पूर्व विधायक आजसू नेता कमल किशोर भगत लोहरदगा के चुनावी मैदान में उतरने को तैयार अपनी पत्नी के लिए और जमानत पर छूटे झारखंड के पूर्व मंत्री और झारखंड पार्टी के नेता एनोस एक्का कोलेबिरा में अपनी बेटी के लिए जोर लगायेंगे। उधर झारखंड की राजनीति में सियासत और जेल के रिश्ते का ताना-बाना पर पैनी निगाह डालती राजनीतिक विश्लेषक शंभु नाथ चौधरी की रिपोर्ट।