रांची। राजधानी रांची के व्यस्त रातू रोड फ्लाईओवर पर एक गंभीर सड़क हादसा हो गया, जिससे कुछ देर के लिए इलाके में अफरा-तफरी मच गई। विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रही एक जेसीबी ने टाटा हैरियर कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और सभी एयरबैग खुल गए।

जानकारी के अनुसार, कार में एक शिक्षक अपनी पत्नी के साथ सवार थे। हादसे में शिक्षक की पत्नी को गंभीर चोटें आईं और उनका हाथ टूट गया। घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल महिला को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक महिला की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जेसीबी फ्लाईओवर पर गलत दिशा से आ रही थी, जिससे यह हादसा हुआ। टक्कर के बाद कुछ समय तक फ्लाईओवर पर यातायात बाधित रहा, जिससे वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैफिक को नियंत्रित कर स्थिति को सामान्य किया।

स्थानीय लोगों के अनुसार, जेसीबी को एक युवती चला रही थी। हालांकि पुलिस इस संबंध में सभी तथ्यों की जांच कर रही है। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर मार्ग को साफ कराया और मामले की छानबीन शुरू कर दी है।

इस हादसे के बाद एक बार फिर शहर में भारी मशीनों के आवागमन और यातायात नियमों के उल्लंघन पर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version