चान्हो और मंडर के जिला परिषद सदस्य ने थामा आजसू का दामन

रांची। आजसू पार्टी अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने कहा कि राज्य के नवनिर्माण के लिए नवीन सोच की आवश्यकता है। कृषि पर राज्य की बड़ी आबादी निर्भर करती है लेकिन मौजूदा सरकार ने कृषि विकास की अनदेखी की है। किसानों की समस्याओं से सरकार और सिस्टम का कोई लेना- देना नहीं है।

सुदेश कुमार महतो रविवार को बिजुपाड़ा में आयोजित मिलन समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान चान्हो के जिला परिषद सदस्य आशुतोष तिवारी और मंडर के जिला परिषद सदस्य परमेश्वर भगत अपने समर्थकों के साथ आजसू पार्टी में शामिल हुए।

सुदेश कुमार महतो ने कहा कि राज्य जिस अराजकता के माहौल से गुजर रहा है, उसमें लोगों की चेतना को जगाना और हक अधिकार के लिए मुखर बनाने की जरूरत है। आजसू पार्टी इस दिशा में निरंतर प्रयास कर रही है। इस बार के विधानसभा चुनाव में लूट और झूठ का पर्दाफाश होगा। बेरोजगारी के दलदल में फंसे युवाओं में सरकार की कार्यप्रणाली को लेकर गुस्सा है। उन्होंने कहा कि मांडर, चान्हो, इटकी को कृषि के क्षेत्र में बहुत आगे ले जाया जा सकता है लेकिन राज्य सरकार ने किसी असरदार योजना पर काम नहीं किया।

सुदेश कुमार महतो ने कहा कि आजसू समाज के हर वर्ग की पार्टी है। झारखंड के बारे में चिंतन मंथन करने वाले लोग लगातार हमारे साथ जुड़ रहे हैं। पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने वाले चान्हो जिला परिषद सदस्य आशुतोष तिवारी ने कहा कि झारखंड में विकास की असीमित संभावनाएं हैं फिर भी हमारा राज्य आज गरीब व पिछडों राज्यों की गिनती में आता है। आजसू पार्टी का संकल्प राज्य का सर्वांगीण विकास है और विकास के लिए सुदेश महतो ही एक मात्र विकल्प हैं।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version