रांची। रांची के सदर एसडीओ उत्कर्ष कुमार ने मंगलवार को रांची के राजकीयकृत मध्य विद्यालय सह संकुल संसाधन केंद्र न्यू पुलिस लाइन में बूथ जागरुकता कार्यक्रम चलाया। इस दौरान उप निर्वाचन पदाधिकारी विवेक सुमन, कार्यपालक दंडाधिकारी, स्कूल की प्रधानाध्यापिका, वॉलेंटियर और संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
एसडीओ ने सभी मतदाताओं को स्वयं मतदान करने और अन्य लोगों को भी प्रेरित करने का संदेश दिया। साथ ही उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को बूथों पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने और मतदान प्रतिशत बढ़ाने पर विशेष जोर देने का निर्देश दिया।
एसडीओ ने बताया कि मतदान केंद्रों में मौजूद बूथ अवेयरनेस ग्रुप के सदस्य दिव्यांगों और वृद्ध मतदाताओं की मदद करेंगे। साथ ही ग्रुप के सदस्य आम मतदाताओं को भी मतदान के लिए प्रेरित करेंगे। बूथ अवेयरनेस ग्रुप घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क करेंगे और उन्हें मतदान केंद्र तक पहुंचने के लिए प्रेरित करेंगे ताकि मतदान का प्रतिशत बढ़ाया जा सके। सदर एसडीओ ने बताया कि सभी मतदान केंद्रों में दिव्यांग और वृद्ध मतदाताओं को बूथ तक ले जाने के लिए विशेष व्यवस्था की जायेगी। बूथ पर पानी, बिजली, रैंप आदि सुविधाएं भी उपलब्ध करायी जायेगी।