जमशेदपुर। मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने कहा कि भाजपा महंगाई को खत्म करने के वादे पर सरकार में आयी थी। चुनाव जीतने के बाद महंगाई को भूल गयी। नरेंद्र मोदी सरकार ने चार सौ के सिलेंडर को 1100 में पहुंचा दिया। कालाधन भी वापस नहीं आया। इस सरकार ने बेरोजगार युवाओं को ठगा। प्रतिवर्ष दो करोड़ रोजगार देने का वादा किया था, लेकिन दस वर्ष में भी वादा पूरा नहीं किया। मुख्यमंत्री पोटका के नुननूनी टांड़ मैदान में रविवार को इंडी गठबंधन की चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि झारखंड को भाजपा ने सबसे ज्यादा ठगा है। झारखंड के आठ लाख पीएम आवास की सूची को रोक दिया। 2022 तक सभी को पक्का मकान देने का वादा भी जुमला साबित हुआ। गठबंधन की सरकार ने आबुआ आवास योजना शुरू की, जिसमें वंचित लोगों को पक्का मकान दिया जा रहा है।
सीएम चंपाई सोरेन ने कहा कि 2019 से सरकार बनने के बाद से ही भाजपा सरकार को गिराने का षडयंत्र कर रही है। हेमंत सोरेन को झूठे केस में जेल में डाल दिया। पूर्व की रघुवर सरकार पर गरीबों का 11 लाख राशनकार्ड रद्द करने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार वंचित 20 लाख परिवारों का हरा राशनकार्ड बनाकर राशन दे रही है। सभी ग्रामीणों को पेंशन दिया जा रहा है। चंपाई सोरेन ने जमशेदपुर से इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी समीर कुमार मोहंती को वोट देकर जिताने की अपील की। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन की जीत से झारखंडवासियों को भाजपा के लूट से मुक्ति मिलेगी। झारखंड की खनिज संपदा को लूटने से बचाना है, अन्यथा झारखंड धनी राज्य होने के बावजूद झारखंडवासी धनी नहीं बन पायेंगे। स्थानीय भाषा ओड़िया, बंगला, संथाली, हो, कुड़माली समेत अन्य स्थानीय भाषाओं के शिक्षकों की बहाली जून माह से शुरू करने की बात कही।
भाजपा केवल हिंदू-मुस्लिम को लड़ाना जानती है: बन्ना
स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि समीर मोहंती गरीबों के हित के लिए संघर्षरत रहते हैं। भाजपा केवल हिंदू-मुस्लिम को लड़ाकर जीत हासिल करना चाहती है। बन्ना गुप्ता ने समीर कुमार मोहंती को जीत दिलाने की अपील की। पोटका विधायक संजीव सरदार ने कहा कि जनता की सेवा में दिन-रात जुटे रहते हैं। पोटका विधानसभा क्षेत्र में अनेक प्रकार की विकास योजनाओं को शुरू कराया। पोटका में डिग्री कॉलेज निर्माण की स्वीकृति मिली। संजीव सरदार ने कहा कि यदि समीर कुमार मोहंती को जीत मिलती है, तो पूरे क्षेत्र में दोगुने रफ्तार से विकास कार्य करेंगे।