Close Menu
Azad SipahiAzad Sipahi
    Facebook X (Twitter) YouTube WhatsApp
    Monday, July 6
    • Jharkhand Top News
    • Azad Sipahi Digital
    • रांची
    • हाई-टेक्नो
      • विज्ञान
      • गैजेट्स
      • मोबाइल
      • ऑटोमुविट
    • राज्य
      • झारखंड
      • बिहार
      • उत्तर प्रदेश
    • रोचक पोस्ट
    • स्पेशल रिपोर्ट
    • e-Paper
    • Top Story
    • DMCA
    Facebook X (Twitter) Instagram
    Azad SipahiAzad Sipahi
    • होम
    • झारखंड
      • कोडरमा
      • खलारी
      • खूंटी
      • गढ़वा
      • गिरिडीह
      • गुमला
      • गोड्डा
      • चतरा
      • चाईबासा
      • जमशेदपुर
      • जामताड़ा
      • दुमका
      • देवघर
      • धनबाद
      • पलामू
      • पाकुर
      • बोकारो
      • रांची
      • रामगढ़
      • लातेहार
      • लोहरदगा
      • सरायकेला-खरसावाँ
      • साहिबगंज
      • सिमडेगा
      • हजारीबाग
    • विशेष
    • बिहार
    • उत्तर प्रदेश
    • देश
    • दुनिया
    • राजनीति
    • राज्य
      • मध्य प्रदेश
    • स्पोर्ट्स
      • हॉकी
      • क्रिकेट
      • टेनिस
      • फुटबॉल
      • अन्य खेल
    • YouTube
    • ई-पेपर
    Azad SipahiAzad Sipahi
    Home»विशेष»गिरिडीह में पुल नहीं, झारखंड की प्रतिष्ठा धंसी है
    विशेष

    गिरिडीह में पुल नहीं, झारखंड की प्रतिष्ठा धंसी है

    shivam kumarBy shivam kumarJuly 2, 2024No Comments7 Mins Read
    Facebook Twitter WhatsApp Telegram Pinterest LinkedIn Tumblr Email
    Share
    Facebook Twitter WhatsApp Telegram LinkedIn Pinterest Email

    विशेष
    विकास कार्यों में भ्रष्टाचार ने एक बार फिर बेपर्दा किया है राज्य के सिस्टम को
    ऐसे मामलों में जांच के आदेश तो होते हैं, पर नतीजों का कभी पता नहीं चलता
    अब इस तरह की लापरवाही को बर्दाश्त करने से विकास पर लग जायेगा ब्रेक
    नमस्कार। आजाद सिपाही विशेष में आपका स्वागत है। मैं हूं राकेश सिंह।
    15 नवंबर 2000 को देश के राजनीतिक नक्शे पर 28वें राज्य के रूप में जब झारखंड का उदय हुआ था, तब किसी को इस बात का आभास नहीं था कि निश्छल और संवेदनशील संस्कृति के समाज वाला यह प्रदेश बहुत जल्द भ्रष्टाचार की नयी परिभाषा गढ़ेगा और देश में इसकी चर्चा इसकी खनिज संपदा के साथ-साथ भ्रष्टाचार के कारण ही होगी। झारखंड को राजनीति के चतुर खिलाड़ियों और पैसा कमाने की अंधाधुंध होड़ में लगे लोगों ने जम कर लूटा और हर दिन यहां भ्रष्टाचार के नये किस्से सामने आने लगे। अभी गिरिडीह जिले में एक निर्माणाधीन पुल के धंसने की घटना के बाद पिछले 24 साल में झारखंड में होनेवाली इस तरह की घटनाओं की सूची अचानक सामने आ जाती है और तब पता चलता है कि विकास योजनाओं में व्याप्त भ्रष्टाचार ने इस राज्य को बार-बार कलंकित किया है। झारखंड एक ऐसा राज्य है, जहां कभी एक ही रात में सात पुल बह जाते हैं, तो कभी करोड़ों के खर्च से बने बांध को चूहे कुतर कर बर्बाद कर देते हैं। कभी बारिश और आसमानी बिजली गिरने की वजह से पूरा का पूरा मकान ढह जाता है, तो कभी हजारों हेक्टेयर में लगाये गये जंगल को मवेशी चर जाते हैं। कभी 10 करोड़ रुपये खर्च कर महज तीन साल में बनाया गया रांची जिला का सबसे लंबा पुल औपचारिक उद्घाटन से पहले ही बह जाता है और राजधानी की शान माने जानेवाले बिरसा मुंडा राजपथ के ठीक बगल में बनायी गयी पक्की सड़क में दरार पड़ जाती है। भ्रष्टाचार की इन कहानियों में एक बात सामान्य है कि इन सभी का एक पात्र ऐसा है, जिसे कोई कुछ नहीं कर सकता। भारी बारिश, चूहे, मवेशी या आसमानी बिजली के खिलाफ दुनिया का कोई भी कानून कुछ नहीं कर सकता। भ्रष्टाचार की इन कहानियों ने झारखंड को आर्थिक चोट ही नहीं पहुंचायी है, बल्कि पूरी दुनिया में इसकी इज्जत को मिट्टी में मिला दिया है। अब इन कहानियों के ‘अदृश्य नायक’ का पता लगाना बहुत जरूरी हो गया है। सबसे दुखद यह है कि इन घटनाओं की जांच के आदेश तो होते हैं, लेकिन उसके नतीजों का कभी पता नहीं चलता है। अब झारखंड को इस तरह की लापरवाही बहुत महंगी पड़ने लगी है। क्या है इस भ्रष्टाचार के पीछे का पूरा सिस्टम और इसके कारण कैसे राज्य का भविष्य भी चौपट हो रहा है, बता रहे हैं आजाद सिपाही के विशेष संवाददाता राकेश सिंह।

    झारखंड में भ्रष्टाचार की एक कहानी फिर दोहरायी गयी है। एक बार फिर राज्य में एक निर्माणाधीन पुल बह गया है। अब लोग कह रहे हैं कि यह पुल नहीं धंसा है, बल्कि झारखंड की प्रतिष्ठा धंसी है। गिरिडीह-जमुई को जोड़ने वाली भेलवाघाटी में अरगा नदी पर बन रहा पुल धंस गया है। हालांकि इस मामले की जांच के आदेश दे दिये गये हैं और संबंधित ठेकेदार को आर्थिक दंड लगाने के साथ उसके खर्च पर दोबारा नया निर्माण करने को कहा गया है, लेकिन मामला यहां खत्म नहीं होता। यहां वही पुराना सवाल उठ रहा है कि आखिर झारखंड में यह घिनौना खेल कब खत्म होगा और इसके खिलाड़ियों को कब बेनकाब किया जायेगा।
    झारखंड ही नहीं, पूरी दुनिया के लोग यह जानते और समझते हैं कि गिरिडीह में पुल धंसने की यह घटना न पहली है और न अंतिम, लेकिन इस घटना ने साफ कर दिया है कि झारखंड की विकास योजनाओं में लगा घुन अब बेहद खतरनाक स्थिति में पहुंच चुका है। यह झारखंड की आधारभूत संरचना को खोखला कर रहा है।

    इससे पहले 2021 के मई महीने के अंतिम सप्ताह में चक्रवाती तूफान ‘यास’ के असर से पूरे झारखंड में बारिश हो रही थी, तब एक तरफ कई शहरों और गांवों के लोग घरों में पानी घुसने से परेशान थे, लेकिन कुछ लोग ऐसे भी थे, जो इस बात को लेकर खुश हो रहे थे कि यह बारिश उनके काले कारनामों को भी धो देगी। ऐसे ही लोगों में वह भी शामिल थे, जिन्होंने तीन साल पहले रांची के बुंडू प्रखंड में 10 करोड़ की लागत से कांची नदी पर पुल बनवाया था। इस पुल निर्माण की देखरेख और निगरानी करनेवाले वे अधिकारी और इंजीनियर भी खुशी मना रहे होंगे कि इस भारी बारिश में यदि वह पुल बह जाये, तो उनके काले कारनामे पर हमेशा के लिए पर्दा पड़ जायेगा और सारा दोष बारिश पर मढ़ दिया जायेगा। हुआ भी ऐसा ही और बारिश के देवता ने उन ठेकेदारों, अधिकारियों और इंजीनियरों की कारस्तानी का दोष अपने ऊपर ले लिया। पुल बह गया और तीन प्रखंडों के 30 गांवों की आबादी एक बार फिर परेशानी के दौर में पहुंच गयी। यह वही आबादी है, जिसने इस पुल बनवाने का श्रेय अपने नेता को दिया और उसकी कीमत अपने वोट से अदा की। रांची की शान कहे जानेवाले बिरसा मुंडा राजपथ के ठीक बगल में दो साल पहले पक्की सड़क बनायी गयी और उसके ठेकेदार को भी बारिश से सुकून मिला होगा, क्योंकि उसकी बनायी गयी इस सड़क पर भारी बारिश की वजह से दरार पैदा हो गयी है और यह सड़क इस्तेमाल के लायक नहीं रह गयी है।

    झारखंड में न तो पुल बहने की यह पहली घटना है और न ही सड़क में दरार पड़ने की। यहां तो 2010 के मई महीने में गुमला जिले में एक ही रात सात पुल बह गये थे और किसी ठेकेदार या अधिकारी का बाल बांका नहीं हुआ। जामताड़ा में पूरा का पूरा स्कूल भवन ही आसमानी बिजली का शिकार होकर ध्वस्त हो गया और इसे बनानेवाला ठेकेदार कहीं दूसरी जगह ऐसी ही इमारत बनवा कर अपनी तिजोरी भरता रहा। 2019 में हजारीबाग की कोनार सिंचाई नहर परियोजना का उद्घाटन किया गया था। करीब दो हजार करोड़ रुपये की इस परियोजना के उद्घाटन का पूरा श्रेय नेताओं ने लिया, लेकिन महज 13 घंटे में ही यह बह गया, क्योंकि चूहों ने इसे कुतर दिया था। चतरा में हजारों हेक्टेयर जमीन पर जंगल लगाये गये, लेकिन एक भी पौधा पेड़ नहीं बन सका, क्योंकि मवेशियों ने उन्हें अपना ग्रास बना लिया था। इन घटनाओं के कारण ही झारखंड को भ्रष्टाचार का पर्याय माना जाने लगा।

    अब समय आ गया है कि ऐसे ठेकेदारों, अधिकारियों और इंजीनियरों को कानून के कठघरे तक लाया जाये। गिरिडीह में पुल बहने की घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि झारखंड में इंजीनियरों की लॉबी इतनी ताकतवर है कि कोई इसका बाल भी बांका नहीं कर सकता है। इस मिथक को तोड़ने की जरूरत है। झारखंड को यह साबित करना ही होगा कि यदि इसके दिल में करुणा, प्रेम और सद्भाव पनपता है, तो इसका संकल्प चट्टान जैसा है और अपने साथ की गयी हर नाइंसाफी का यह हिसाब लेगा।

    झारखंड की इज्जत को मिट्टी में मिलानेवाले ऐसे ठेकेदारों, अधिकारियों और इंजीनियरों की पहचान कर उनके खिलाफ ऐसी कार्रवाई करने की जरूरत है कि भविष्य में कोई भी इस तरह का काम करने से पहले सौ बार सोचे। सरकार ने भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपना रखी है, तो इस तरह के भ्रष्टाचार की कहानियों की जांच बाद में होगी, पहले संबंधित अधिकारियों, इंजीनियरों और ठेकेदारों को सीखचों के पीछे बंद करना जरूरी है। तभी झारखंड विकास की अपनी आकांक्षाओं को पूरा करने की दिशा में आगे बढ़ सकेगा।

    Share. Facebook Twitter WhatsApp Telegram Pinterest LinkedIn Tumblr Email
    Previous Articleनीट घोटाले के आरोपियों के रिश्तेदारों के खातों में कितना धन, खंगालेगी सीबीआई; हजारीबाग में एक्शन तेज
    Next Article इतिहास के पन्नों में 03 जुलाईः काफ्का का लिखा-पढ़ा, सारी दुनिया में तहलका मचा गया
    shivam kumar

      Related Posts

      राम मंदिर चढ़ावा चोरी का असर भविष्य की राजनीति पर गहरा पड़ेगा

      June 30, 2026

      श्री बांके बिहारी: आस्था, रहस्य और प्रेम की एक अद्भुत कहानी

      June 29, 2026

      शिबू सोरेन: झारखंड की आत्मा और अनवरत संघर्ष का महाकाव्य

      June 23, 2026
      Add A Comment

      Comments are closed.

      Recent Posts
      • RSS कार्यालय हमला: NIA जांच में आतंकी साजिश का खुलासा
      • जेपीएससी रिजल्ट पर गरमाई सियासत: BJP ने बताया ‘झारखंड परीक्षा संकट आयोग’, पीटी परिणाम रद्द करने की मांग
      • श्यामा प्रसाद मुखर्जी नहीं होते तो असम और पश्चिम बंगाल का बड़ा हिस्सा पाकिस्तान में होता: अमित शाह
      • पश्चिम बंगाल की तीन राज्यसभा सीटों के लिए 24 जुलाई को मतदान
      • नेपाल ने चीनी पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए शुरू की नई पर्यटन परियोजना
      Read ePaper

      City Edition

      Follow up on twitter
      Tweets by azad_sipahi
      Facebook X (Twitter) Pinterest Vimeo WhatsApp TikTok Instagram

      Palamu Division

      • Garhwa
      • Palamu
      • Latehar

      Kolhan Division

      • West Singhbhum
      • East Singhbhum
      • Seraikela Kharsawan

      North Chotanagpur Division

      • Chatra
      • Hazaribag
      • Giridih
      • Koderma
      • Dhanbad
      • Bokaro
      • Ramgarh

      South Chotanagpur Division

      • Ranchi
      • Lohardaga
      • Gumla
      • Simdega
      • Khunti

      Santhal Pargana Division

      • Deoghar
      • Jamtara
      • Dumka
      • Godda
      • Pakur
      • Sahebganj

      Subscribe to Updates

      Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

      © 2026 AzadSipahi. Designed by Launching Press.
      • Privacy Policy
      • Terms
      • Accessibility

      Type above and press Enter to search. Press Esc to cancel.

      Go to mobile version