कहा-10 किलोमीटर दौड़ में अभ्यर्थी का मरना आपदा नहीं, हत्या है
रांची। झारखंड में भाजपा के चुनाव प्रभारी और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि चुनाव करीब आता देख झारखंड सरकार धड़ाधड़ तमाम घोषणाएं कर रही हैं। रविवार को प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि जब भाजपा ने उनसे पूछना शुरू किया कि आखिर लोगों को मिला क्या, तब कई घोषणाएं करने लगे। इस मौसम में युवाओं को सिपाही की नौकरी में 10-10 किमी की दौड़ लगवा कर नियुक्ति का दिखावा करने लगे। इस दौरान ना पानी, ना छांव, ना इलाज की व्यवस्था रखी। नतीजतन, 16 नौजवान दुनिया छोड़ बैठे। यह आपदा नहीं, हत्या है। कोरोना वैक्सीन को दोषी बताया जाने लगा, जबकि इसके लिए पीएम से मांग की गयी थी। जनता समझ चुकी है कि केवल वोट के लिए सरकार घोषणाएं कर रही है। मौके पर प्रदेश महामंत्री मनोज कुमार, मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक भी उपस्थित थे।

परिवर्तन यात्रा की तैयारी
शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि 19-20 सितंबर या इसके आसपास के किसी समय में राज्य के छह हिस्सों से परिवर्तन यात्रा भाजपा निकालेगी। अभी इसकी रूपरेखा फाइनल की जा रही है। इस यात्रा को छह शीर्ष नेता लीड करेंगे। स्थानीय के साथ-साथ शीर्ष नेतागण भी इसमें शामिल होंगे। इसके जरिये राज्य सरकार की विफलता को सामने लाया जायेगा। लोगों के आक्रोश को और उभारा जायेगा। बिगड़ती कानून व्यवस्था, बदलते डेमोग्राफी, घुसपैठ जैसे विषयों पर भाजपा जनता के बीच जायेगी। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि अटल बिहारीजी के समय झारखंड बना। अब पीएम मोदी इसके विकास में लगे हैं। वह 15 सितंबर को जमशेदपुर आयेंगे। पीएम आवास योजना सहित अन्य योजनाओं की सौगात देंगे। टिकट बंटवारा और रायशुमारी के सवाल पर उन्होंने कहा कि पार्टी में लोकतंत्र है। हर कोई टिकट के लिए दावा कर सकता है। वरीय नेता जिलों में जाकर इसके लिए जनता, कार्यकर्ताओं संग चर्चा करते हैं। चुनाव पूर्व सीएम फेस घोषित करने के सवाल पर कहा कि पार्लियामेंट्री बोर्ड इस पर फैसला लेगा।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version