रांची। राजधानी रांची के नागरिकों के लिए एक बड़ी सौगात की तैयारी चल रही है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को कांके रोड स्थित अपने आवासीय कार्यालय में रांची शहर में प्रस्तावित तीन महत्वपूर्ण फ्लाइओवर परियोजनाओं की कार्य योजना की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने डिजाइन प्रजेंटेशन देखा और पथ निर्माण विभाग के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि फ्लाइओवर निर्माण में न केवल वर्तमान ट्रैफिक की जरूरतों को ध्यान में रखा जाए, बल्कि भविष्य की जनसंख्या वृद्धि और यातायात दबाव को भी ध्यान में रखते हुए निर्माण कार्य किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि ये योजनाएं रांची के ट्रैफिक सिस्टम को आधुनिक रूप देंगी।

हरमू फ्लाइओवर से जुड़े निर्देश

मुख्यमंत्री ने सहजानंद चौक से एसीबी कार्यालय तक प्रस्तावित हरमू फ्लाइओवर का विस्तृत प्रजेंटेशन देखा और कहा कि यह फ्लाइओवर शहर की भीड़भाड़ को कम करेगा। उन्होंने इसे रातू रोड फ्लाइओवर से जोड़ने का निर्देश दिया, ताकि यातायात में और अधिक सुविधा हो सके। पथ निर्माण विभाग ने जानकारी दी कि इस परियोजना का टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और जल्द निर्माण कार्य शुरू होगा।

अरगोड़ा और करम टोली फ्लाइओवर की योजना

मुख्यमंत्री ने अरगोड़ा चौक से कटहल मोड़ और करम टोली चौक से साइंस सिटी तक प्रस्तावित फ्लाइओवरों की योजना की भी समीक्षा की। उन्होंने अरगोड़ा चौक पर गोलचक्कर (रोटरी) बनाने का निर्देश दिया, जिससे कई सड़कों को आपस में जोड़ा जा सकेगा और यातायात अधिक सुगम होगा। उन्होंने कहा कि इन दोनों परियोजनाओं के लिए डीपीआर जल्द तैयार कर कार्य योजना को मूर्त रूप दिया जाए।

एलिवेटेड फ्लाइओवर का प्रजेंटेशन

मुख्यमंत्री ने करम टोली चौक से साइंस सिटी तक बनने वाले चार लेन एलिवेटेड फ्लाइओवर और डॉक्टर कॉलोनी से हिल व्यू बरियातू रोड तक प्रस्तावित सड़क योजना पर भी अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कहा कि ये सभी योजनाएं राज्य सरकार की प्राथमिकता में हैं और इन्हें समयबद्ध तरीके से उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए।

बैठक में शामिल अधिकारी

बैठक में पथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार, प्रवीण भेंगरा, मुख्य अभियंता विजय रंजन, और कंसल्टिंग एजेंसी स्पर्श इंजीनियरिंग के सुधीर कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।


ये तीन फ्लाइओवर बनाए जाएंगे:

  1. सहजानंद चौक से एसीबी कार्यालय तक

  2. अरगोड़ा चौक से कटहल मोड़ तक

  3. करम टोली चौक से साइंस सिटी तक (एलिवेटेड फ्लाइओवर)   

Read More: झारखंड सहायक आचार्य परीक्षा का संशोधित रिजल्ट जारी

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version